आरोग्य सेतु 2.0 लॉन्च कल : अब सभी मेडिकल रिकॉर्ड होंगे डिजिटल और आसान एक्सेस में

Knews Desk- भारत सरकार 29 जून को आरोग्य सेतु ऐप का नया और उन्नत संस्करण लॉन्च करने जा रही है। यह ऐप अब केवल कोविड-19 ट्रैकर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एक पूर्ण डिजिटल पर्सनल हेल्थ रिकॉर्ड (PHR) प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा। नए संस्करण का उद्देश्य देश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक आसान, तेज और डिजिटल रूप से सुलभ बनाना है।

पहले आरोग्य सेतु ऐप को कोविड-19 महामारी के दौरान कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के लिए लॉन्च किया गया था। हालांकि समय के साथ इसका उपयोग कम हो गया और साइबर सुरक्षा से जुड़े कुछ सवाल भी उठे। अब सरकार ने इसे पूरी तरह नए रूप में पेश करने का निर्णय लिया है, जिसमें आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग किया जाएगा।

नए आरोग्य सेतु 2.0 ऐप के जरिए उपयोगकर्ता अपना आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) बना और मैनेज कर सकेंगे। इसके माध्यम से वे अपने सभी मेडिकल रिकॉर्ड, जांच रिपोर्ट और स्वास्थ्य संबंधी दस्तावेज एक ही प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रख पाएंगे। साथ ही जरूरत पड़ने पर इन्हें अस्पतालों और डॉक्टरों के साथ आसानी से साझा किया जा सकेगा।

इस ऐप में AI आधारित हेल्थ इनसाइट्स की सुविधा भी होगी, जो उपयोगकर्ता के स्वास्थ्य डेटा का विश्लेषण कर संभावित जोखिमों और सुझावों की जानकारी देगा। इसके अलावा यह ऐप वियरेबल डिवाइस से डेटा लेकर स्वास्थ्य की निगरानी करने में भी सक्षम होगा। ऐप में इन-ऐप स्कैन फीचर के जरिए अस्पताल में ओपीडी रजिस्ट्रेशन और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

आरोग्य सेतु 2.0 का उद्देश्य विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों, अस्पतालों और लैब्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि मरीजों को समय पर और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। इस ऐप के जरिए लोग अपने आसपास के अस्पताल, डॉक्टर, एम्बुलेंस और ब्लड बैंक की जानकारी भी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

इसके अलावा प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) और आयुष्मान भारत के लाभ भी सीधे इस ऐप से मिल सकेंगे। इसमें कैशलेस इलाज, डिजिटल हेल्थ इंश्योरेंस वॉलेट और आयुष्मान CAPF योजना की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे रक्षा बलों के कर्मियों और उनके परिवारों को भी लाभ मिलेगा। सरकार का मानना है कि यह नया प्लेटफॉर्म देश की डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम को मजबूत करेगा और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *