किसान नेता राकेश टिकैत का सिर काटने वाले को 5 लाख के ईनाम की घोषणा, दर्ज हुई FIR

डिजिटल डेस्क- भारतीय किसान यूनियन अटल गुट के अध्यक्ष अमित चौधरी ने किसान नेता राकेश टिकैत को धमकी दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुजफ्फरनगर और मेरठ में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मामले में मुजफ्फरनगर के सिविल लाइंस थाने में आरोपी अमित चौधरी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो में अमित चौधरी ने राकेश टिकैत को देशद्रोही और आतंकवादी बता दिया। इसके अलावा, आरोपी ने ऐलान किया कि जो भी व्यक्ति राकेश टिकैत का सिर कलम करेगा उसे 5 लाख रुपए दिया जाएगा।

आरोपी आगरा का निवासी

भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में अमित चौधरी नाम का युवक भाकियू प्रवक्ता के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर रहा है। उसके बारे में पता किया गया। पता चला कि वह जनपद आगरा का रहने वाला है और भाकियू अटल का राष्ट्रीय अध्यक्ष है। पूर्व में भी आरोपित ने भाकियू प्रवक्ता के खिलाफ अशब्दों का प्रयोग किया था। इस मामले में एसएसपी संजय कुमार वर्मा से भी फोन पर वार्ता हुई है। आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

आरोपी अमित चौधरी

मुजफ्फरनगर में दर्ज हुई FIR, ट्रैक्टर से पहुंच किसानों ने किया हंगामा

भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक हंगामा किया। भारतीय किसान यूनियन की मेरठ जिला इकाई के अध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर सवार होकर जानी थाने पहुंचे थे। भारतीय किसान यूनियन के एक प्रवक्ता ने बताया कि करीब दो घंटे के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी अमित चौधरी नाम के व्यक्ति के खिलाफ मुजफ्फरनगर के सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज किया गया है।