शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश के कानपुर में अप्रैल की गर्मी ने इस बार इतिहास रच दिया है। रविवार, 26 अप्रैल को तापमान ने पिछले 55 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया कीर्तिमान बना दिया। सीएसए के मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस दिन अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल महीने में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। मौसम विभाग के नोडल और तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा के अनुसार, वर्ष 1971 से अब तक अप्रैल में इतना अधिक तापमान कभी दर्ज नहीं किया गया था। इससे पहले वर्ष 2022 में 29 अप्रैल को अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंचा था, लेकिन इस बार यह आंकड़ा भी पार हो गया।
सुबह 7 बजे से ही बढ़ने लगा तापमान
गर्मी का असर सिर्फ दिन में ही नहीं, बल्कि रात में भी देखने को मिला। 26 अप्रैल की रात का न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 19 वर्षों में सबसे अधिक है। इससे पहले 26 अप्रैल 2007 को रात का तापमान 26.5 डिग्री रहा था। इस तरह दिन और रात दोनों ही समय असामान्य गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। रविवार को तापमान बढ़ने का सिलसिला सुबह से ही तेज हो गया था। सुबह 7 बजे तापमान 36 डिग्री था, जो 8 बजे 38 और 9 बजे 40 डिग्री तक पहुंच गया। 10 बजे तक पारा 41 डिग्री और 11 बजे 42 डिग्री हो गया। दोपहर 12 और 1 बजे तापमान 43 डिग्री रहा, जबकि दोपहर 2 बजे यह 44.1 डिग्री तक पहुंच गया। खास बात यह रही कि सामान्यतः अधिकतम तापमान ढाई बजे के आसपास दर्ज होता है, लेकिन इस बार यह आधा घंटा पहले ही चरम पर पहुंच गया और शाम 4 बजे तक करीब दो घंटे तक इसी स्तर पर बना रहा। शाम 5 बजे तापमान घटकर 42 डिग्री पर आया।
27 अप्रैल के बाद मिल सकती है थोड़ी राहत
वहीं, चकेरी स्थित एयरफोर्स केंद्र पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार चला गया, जिसने स्थिति को और गंभीर बना दिया। विशेषज्ञों का मानना है कि तापमान का जल्दी चरम पर पहुंचना और लंबे समय तक उसी स्तर पर बने रहना जलवायु परिवर्तन का संकेत है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 अप्रैल को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 3 डिग्री अधिक रहा। यह अंतर साफ तौर पर बताता है कि मौसम के पैटर्न में बदलाव आ रहा है। हालांकि, लोगों के लिए थोड़ी राहत की खबर भी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 से 30 अप्रैल के बीच कानपुर और आसपास के इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।