KNEWS DESK- उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के अनुसार 28 अप्रैल को राज्य के कई पर्वतीय जिलों में मौसम का असर तेज देखने को मिलेगा। इस दिन नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 29 अप्रैल को भी हालात ज्यादा अलग नहीं रहेंगे। इस दिन देहरादून, टिहरी सहित कई जिलों में खराब मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। वहीं 28 से 30 अप्रैल के बीच राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि संभावित आपदा को देखते हुए सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
इसके अलावा आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारी और विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। राज्य में मौसम के इस बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को भी सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।