KNEWS DESK- मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में जांच तेज हो गई है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की पूछताछ में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह से 72 सवालों की लंबी सूची पर जवाब लिए गए। 5 दिन की कस्टडी अवधि पूरी होने के बाद दोनों की पेशी आज (2 जून) जबलपुर हाई कोर्ट में होनी है।
पूछताछ के दौरान ट्विशा की निजी जिंदगी, रिश्तों, आर्थिक स्थिति और घटना वाले दिन की गतिविधियों को लेकर गहन सवाल किए गए। हालांकि कई अहम सवालों पर सास गिरिबाला के जवाब टालने और चुप्पी साधने की बात सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक CBI ने पूछताछ में ट्विशा और समर्थ की पहली मुलाकात, डेटिंग, शादी, पारिवारिक जीवन और गर्भावस्था से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से सवाल किए। इसके अलावा मौत वाले दिन की हर गतिविधि को क्रमवार समझने की कोशिश की गई।
पति समर्थ सिंह ने पूछताछ में बताया कि 12 मई को घटना वाले दिन सब कुछ सामान्य था। उनके अनुसार ट्विशा पार्लर गई थी और लौटने के बाद दोनों ने करीब 45 मिनट तक घर के बाहर वॉक किया। इसके बाद दोनों ने साथ खाना खाया, टीवी देखा और सामान्य बातचीत की।
समर्थ ने दावा किया कि बाद में ट्विशा की मां का फोन आया, जिसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान लग रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उस समय स्थिति की गंभीरता का अंदाजा नहीं था।
पूछताछ के दौरान गिरिबाला सिंह ने कई सवालों के जवाब दिए, जबकि कुछ पर उन्होंने चुप्पी साध ली। उन्होंने कहा कि शादी से पहले उनका रिश्ता सामान्य था और ट्विशा शुरू में परिवार के साथ अच्छे से घुलमिल गई थी।
गिरिबाला ने यह भी दावा किया कि समय के साथ ट्विशा के व्यवहार में बदलाव आने लगा था। उनके अनुसार ट्विशा को पौधों और बच्चों में रुचि थी, लेकिन कई मामलों में वह अस्थिर व्यवहार करती थी।
इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि परिवार की ओर से ट्विशा को आर्थिक मदद दी जाती थी और पांच महीनों में लगभग सात लाख रुपये की सहायता दी गई थी।
CBI पूछताछ में मानसिक स्वास्थ्य और ड्रग्स से जुड़े सवाल भी शामिल रहे। गिरिबाला सिंह ने दावा किया कि ट्विशा का इलाज डॉक्टरों से कराया गया था और वह एंजायटी और अन्य मानसिक समस्याओं से जूझ रही थी। हालांकि जांच एजेंसी इन दावों की पुष्टि दस्तावेजों के आधार पर कर रही है।
समर्थ सिंह ने बताया कि जब उन्होंने ट्विशा को फंदे पर देखा तो वह बेहोशी की हालत में लग रही थी और उन्हें तुरंत उसकी मौत का एहसास नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने और उनकी मां ने उसे बचाने की कोशिश की, फंदा हटाया और CPR दिया। समर्थ के अनुसार घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है।
CBI की पूछताछ पूरी होने के बाद अब मामला न्यायिक प्रक्रिया के अगले चरण में पहुंच गया है। दोनों आरोपियों को आज जबलपुर हाई कोर्ट में पेश किया जाएगा। अदालत में आगे की कार्रवाई और जांच एजेंसी की रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।