KNEWS DESK – आलिया भट्ट की आने वाली फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर लगातार नए अपडेट सामने आ रहे हैं। यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा बनी इस फिल्म का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आलिया भट्ट और शरवरी वाघ स्टारर यह फिल्म अगले महीने सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इसी बीच फिल्म की कहानी और आलिया के किरदार को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है।
पिछले कुछ समय से ऐसी चर्चाएं थीं कि ‘अल्फा’ की कहानी एक भारतीय और पाकिस्तानी एजेंट के संयुक्त मिशन के इर्द-गिर्द घूमेगी। सोशल मीडिया और कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि फिल्म में भारत-पाकिस्तान के बीच सहयोग और जासूसी मिशन का एंगल देखने को मिलेगा। हालांकि अब इन सभी अटकलों पर विराम लग गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म से जुड़े सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि ‘अल्फा’ की कहानी का भारत-पाकिस्तान के रिश्तों या किसी जॉइंट मिशन से कोई संबंध नहीं है। बताया जा रहा है कि फिल्म स्पाई यूनिवर्स की अब तक की फिल्मों से काफी अलग होगी और इसका ट्रीटमेंट भी नया होगा।
सूत्रों के अनुसार, आलिया भट्ट इस फिल्म में किसी जासूस की भूमिका में नहीं, बल्कि एक प्रशिक्षित हत्यारे के रूप में नजर आएंगी। उनका किरदार ऐसी युवती का होगा जिसे बचपन से ही एक ‘किलिंग मशीन’ बनने के लिए तैयार किया गया है। यही वजह है कि फिल्म की कहानी पारंपरिक जासूसी फिल्मों से अलग दिशा में आगे बढ़ेगी।
फिल्म में एक्शन, थ्रिल और इमोशनल ड्रामा का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा। मेकर्स का मानना है कि यह किरदार आलिया भट्ट के करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण और दमदार किरदारों में से एक साबित हो सकता है।
वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की यह नई पेशकश 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है और अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आलिया भट्ट अपने इस नए अवतार से दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाती हैं।