यूपी-बिहार समेत राज्यों की सीटों का बदलेगा गणित, जानिए किसे कितना फायदा

KNEWS DESK- लोकसभा परिसीमन के लिए केंद्र सरकार के 50 प्रतिशत सीट बढ़ोतरी वाले मॉडल से राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का गणित बदल सकता है। इस मॉडल में सभी राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों में करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित है। इसके तहत उत्तर प्रदेश की सीटें 80 से बढ़कर 120, बिहार की 40 से 60 और राजस्थान की 25 से करीब 38 हो सकती हैं। यह व्यवस्था 2051 तक लागू रखने की बात कही गई है।

वहीं, PRS Legislative Research ने 2011 की जनगणना को आधार बनाकर अलग मॉडल का अनुमान दिया है। इसमें राज्यों की आबादी के अनुपात को ध्यान में रखते हुए सीटों का बंटवारा किया गया है। इस मॉडल में उत्तर प्रदेश को 133, बिहार को 69, राजस्थान को 46 और मध्य प्रदेश को 48 सीटें मिलने का अनुमान है। यानी इन राज्यों को सरकार के 50 प्रतिशत मॉडल की तुलना में ज्यादा सीटें मिल सकती हैं।

सरकार के मॉडल के मुताबिक तमिलनाडु, सिक्किम, गोवा, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम जैसे राज्यों को प्रति सांसद कम आबादी के लिहाज से बड़ा फायदा हो सकता है। सिक्किम में दो सांसद होने पर एक सांसद औसतन करीब 3.05 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करेगा। मिजोरम में यह आंकड़ा करीब 5.48 लाख होगा। गोवा और अरुणाचल प्रदेश में सीटें दो से बढ़कर तीन हो सकती हैं।

दोनों मॉडलों की तुलना में उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश को PRS मॉडल में क्रमशः 13, 9, 8 और 4 सीटें ज्यादा मिलने का अनुमान है। हरियाणा को दो और झारखंड को एक सीट ज्यादा मिल सकती है। वहीं उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को PRS मॉडल में एक-एक सीट कम मिलने का अनुमान है, जबकि छत्तीसगढ़ में दोनों मॉडल के आंकड़े समान हैं। इन दोनों मॉडलों में राज्यों की सीटों का गणित अलग है। अंतिम संख्या परिसीमन की प्रक्रिया और प्रस्तावित व्यवस्था के आधार पर तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *