KNEWS DESK – उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में हुए चर्चित आरव हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। डेढ़ साल के मासूम आरव की निर्मम हत्या के मामले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे के शरीर के अंदर गंभीर चोटें थीं, जिनकी भयावहता ने मेडिकल टीम को भी स्तब्ध कर दिया।
पोस्टमार्टम में सामने आया कि मासूम के सिर और छाती की हड्डियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त थीं। डॉक्टरों के मुताबिक, जिस तरह की चोटें मिली हैं, उससे अंदाजा लगाया गया है कि पहली बार जमीन पर पटकने के दौरान ही बच्चे के सिर को गंभीर नुकसान पहुंचा और वह बेहोश हो गया होगा। इसके बाद लगातार हुई अन्य चोटों ने उसकी जान ले ली।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि बच्चे के शरीर पर बाहरी रूप से कोई बड़ा घाव या खून बहने के निशान नहीं मिले। हालांकि शरीर के अंदर गंभीर चोटें पाई गईं। गर्दन की हड्डी भी टूटी हुई मिली, जबकि हाथ और पैरों में किसी प्रकार के फ्रैक्चर के संकेत नहीं पाए गए। पुलिस इस रिपोर्ट को मामले में महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य के रूप में अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जांच की जिम्मेदारी शिकोहाबाद के इंस्पेक्टर अनुज कुमार को सौंपी है। पुलिस टीम अब घटना से जुड़े अन्य सबूतों को भी कानूनी रूप से मजबूत करने में जुटी हुई है।
वहीं आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान उसके पैरों में लगी गोली के कारण फिलहाल उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश है। इसी वजह से सुरक्षा के मद्देनजर उसे कड़ी निगरानी में रखा गया है। अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि शनिवार को शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में हुई इस वारदात का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर पारिवारिक विवाद और शादी के प्रस्ताव को ठुकराए जाने से नाराज था। इसी रंजिश में उसने मासूम बच्चे को घर से बहाने से बाहर ले जाकर उसकी हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी में है। वहीं इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।