गाजियाबाद सूर्या हत्याकांड: आरोपी असद के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी, प्रशासन ने चस्पा किया नोटिस

KNEWS DESK- गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र स्थित नवनीत विहार में सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी असद के घर के बाहर अवैध निर्माण और कब्जे को लेकर नोटिस चस्पा किया गया है। प्रशासन ने ढोल-नगाड़ों और लाउडस्पीकर के जरिए पूरे इलाके में मुनादी कराते हुए 15 दिनों के भीतर कब्जा हटाने का अल्टीमेटम दिया है।

रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आरोपी असद के घर पर नोटिस चस्पा किया गया। साथ ही मोहल्ले में सार्वजनिक घोषणा कर लोगों को बताया गया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अवैध निर्माण नहीं हटाया गया तो प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई करेगा।

अधिकारियों के मुताबिक संबंधित संपत्ति अभी भी आरोपी असद के पिता के नाम दर्ज है। हालांकि संपत्ति बेचे जाने की चर्चाएं सामने आई थीं, लेकिन रिकॉर्ड में स्वामित्व परिवर्तन नहीं पाया गया है।

इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार भी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी नजर आई। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने मृतक सूर्या प्रताप के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

मंत्री ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार को धमकाने या दबाव बनाने की कोशिश करने वालों पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि 28 मई को 17 वर्षीय सूर्या प्रताप की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मामले का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है।

घटना के बाद सूर्या की मां और बहन ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया, लेकिन साथ ही मांग की कि हत्या की साजिश में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएं। परिवार का कहना है कि मामले में शामिल सभी दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

पुलिस और प्रशासनिक टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सूर्या हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *