भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चलते हुए कांग्रेस सांसद का निधन, पंजाब में रोकी गयी यात्रा

अमृतसर (पंजाब). कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक दुखद खबर सामने आई है। जहां कांग्रेस नेता और पार्टी के सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन हो गया। संतोख सिंह राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में चल रहे थे। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद यात्रा को फिलहाल पंजाब में रोक दिया गया है। वहीं राहुल गांधी संतोख सिंह के घर पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए जालंधर जाएंगे।

यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता को आया हार्ट अटैक
दरअसल, यह घटना उस वक्त हुई जब शनिवार सुबह  भारत जोड़ो यात्रा  लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा से फगवाड़ा की तरफ जा रही थी। इस दौरान राहुल गांधी और संतोख कुछ दूरी पर चल रहे थे। इसी दौरान अचानक सुबह करीब साढ़े आठ बजे संतोख सिंह को कुछ बैचेनी हुई और वह वहीं पर बैठ गए। बताया जा रहा है कि उन्हें हार्ट अटैक आया था। आनन-फानन में उन्हें फगवाड़ा के अस्पताल लाया गया, लेकिन कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई।

खबर लगते ही मौके पर लगी कांग्रेस नेताओं की भीड़
बता दें कि जैसे ही कांग्रेस नेताओं को इस घटना की खबर लगी तो मौके पर भीड़ लग गई। किसी तरह राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा को फिल्लौर के भटि्टयां तक ले गए। इसके बाद यात्रा को रोक दिया गया। खुद राहुल गांधी संतोख सिंह को देखने के लिए अस्पताल पहुंचे। फिलहाल अस्पताल में स्थानीय लोगों और कांग्रेस नेताओं की भीड़ लगी हुई है।

कौन थे सांसद संतोख सिंह चौधरी…
संतोख सिंह कांग्रेस के पंजाब में कद्दावर नेता थे। उनकी गिनती राज्य के सीनियर नेताओं में होती थी। उन्हंने 1978 में अपना राजनीतिक सफर पंजाब युवा कांग्रेस नेता के तौर पर शुरू किया था। इस दौरान वो 1978 से 1982 तक पंजाब युवा कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रहे। वह जालंधर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर 2014 और 2019 में चुनाव जीते थे। फिलहाल वो जालंधर एससी सीट से कांग्रेस सांसद थे। संतोख सिंह मूल रूप से  लांधरा हाउस, नूर महल रोड, फिल्‍लौर, जालंधर, पंजाब के रहने वाले थे।

About Post Author