भागलपुर में अटका राजमहल गंगा क्रूज, पुल के नीचे से गुजरने में आई दिक्कत; ट्रेन से पटना रवाना हुए पर्यटक

गंगा में बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के चलते कोलकाता से वाराणसी जा रहा राजमहल गंगा क्रूज भागलपुर में रुक गया है. सिमरिया पुल के पास पर्याप्त ऊंचाई नहीं मिलने के कारण क्रूज को आगे बढ़ाने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रोक दिया गया. क्रूज में सवार सभी 9 विदेशी पर्यटकों को ट्रेन से पटना भेज दिया गया है.

Knews desk- बिहार के भागलपुर में राजमहल गंगा क्रूज पिछले कई दिनों से रुका हुआ है. यह क्रूज कोलकाता से वाराणसी के सफर पर निकला था, लेकिन गंगा के बढ़े जलस्तर और तेज धारा के कारण यात्रा प्रभावित हो गई. क्रूज ने 5 सितंबर को विक्रमशिला सेतु पार कर लिया था, मगर बेगूसराय के सिमरिया पुल के पास पानी का स्तर बढ़ने से पुल और क्रूज के ऊपरी हिस्से के बीच पर्याप्त जगह नहीं बची है.

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्रूज को भागलपुर के पास ही रोक दिया गया. क्रूज प्रबंधन और प्रशासन ने यात्रियों की आगे की यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए. क्रूज पर कुल 9 विदेशी सैलानी सवार थे, जिनमें 2 भारतीय मूल के नागरिक और 7 पर्यटक ब्रिटेन, न्यूजीलैंड व नीदरलैंड से थे.

ट्रेन से पटना पहुंचे पर्यटक

क्रूज में सवार सभी सैलानियों को भागलपुर से ट्रेन के जरिए पटना भेज दिया गया है. यहां से वे अपनी आगे की यात्रा पूरी करेंगे. अनुमान है कि गंगा का जलस्तर कम होने के बाद अगले दो से तीन दिनों में क्रूज को वाराणसी के लिए रवाना किया जा सकता है.

राजमहल गंगा क्रूज ने पिछले महीने पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों की सैर कराने के लिए अपनी यात्रा शुरू की थी.

सुरक्षा पर प्रशासन की नजर

क्रूज की सुरक्षा को लेकर स्थानीय प्रशासन सतर्क है. एसडीआरएफ की टीमें नावों के जरिए क्रूज के आसपास गश्त कर रही हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं. भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) की रिपोर्ट के अनुसार, जलस्तर कम होने तक क्रूज को आगे ले जाना मुश्किल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *