Pushkar Mela: मूछ प्रतियोगिता में पाली के रहने वाले शख्स ने दर्ज की जीत, लोगों ने कहा- ‘मूछ हो तो राम सिंह जैसी’

KNEWS DESK- राजस्थान के पुष्कर जिले में विश्व प्रसिद्ध मेला चल रहा है| यहां पर मूछ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें विदेश के लोगों ने भी हिस्सा लिया था| वहीं सबसे बड़ी मूछ वाले राजस्थान के पाली जिले के मेल वास गांव के रहने वाले रामसिंह ने जीत दर्ज की| इस शख्स की मूछ देखकर हर कोई हैरान होकर कहने लगा- मूछ हो तो रामसिंह जैसी|

दरअसल, मेले में चल रही मूछ वाली प्रतियोगिता में सबसे बड़ी मूछ होने का ताज पाली जिले के मेल वास गांव के निवासी रामसिंह ने अपने सिर पर पहना| दूसरे नंबर पर पाली निवासी नरसिंह चौहान ने जीत दर्ज की| वहीं तीसरे नंबर पर इशाक और धीरेन्द्र सिंह रहे| मेले में आईं पेरिस की रहने वाली लावरा ने कहा- उन्होंने आज तक मूछ प्रतियोगिता नहीं देखी| इस प्रतियोगिता को देखकर बहुत आनंद आया| उन्होंने प्रतियोगिता में विजयी रहे राम सिंह के साथ फोटो भी खिंचवाई|

जीत दर्ज करने वाले राम सिंह ने कहा कि वह अपनी मूछों को बच्चे की तरह पालते हैं| मूछ और दाढ़ी का एक भी बाल गिरने नहीं देते हैं| मूछों के लालन-पालन के लिए कई प्रकार के तेल और अन्य वस्तुओं का उपयोग करते हैं| राम सिंह ने बताया- वह चिकित्सा विभाग में कंपाउडर की नौकरी करते हैं| पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित कई कार्यक्रमों में भाग ले चुके हैं|अपनी शानदार मूछों की वजह से वो कई बार जीत हासिल कर चुके हैं|

आपको बता दें, फेमस पुष्कर मेले में विदेशी प्रतियोगियों ने भी हिस्सा लिया था| प्रतियोगिता में कुल 14 प्रतियोगियों ने भाग लिया था, जिसमें 9 राजस्थान के ही रहने वाले थे और दो विदेशी पर्यटक शामिल थे|

मूछ प्रतियोगिता को देखने के लिए भारतीय के साथ विदेशी भी भारी संख्या में मौजूद रहे| दूसरे देशों से आए पर्यटकों ने कहा- वह इस तरह का आयोजन पहली बार देख रहे हैं| इसे देखकर बहुत खुशी हो रही है|

About Post Author