नौ साल बेमिसाल पर, विपक्ष के ताबड़तोड़ सवाल

उत्तराखंड- केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नौ साल पूरे कर लिए हैं। इस उपलक्ष्य में भाजपा सरकार अपने नौ साल के कार्यकाल के दौरान हुई उपलब्धियों और विकास को गिना रही है। भाजपा का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी के नौ साल के कार्यकाल के दौरान देश ने विकास की रफ्तार पकड़ी है। देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के दौरान ना सिर्फ विदेशों में देश का मान बढ़ा है बल्कि देश में भी महिला, गरीब, किसान समेत सभी वर्गों को लाभ भी मिला है। नौ साल के कार्यकाल के दौरान गरीब को पक्का मकान, शौचालय, गैस कनेक्शन, गांव-गांव बिजली, हर घर जल, हर घर नल जैसी योजनाओं से लाभ पहुंचा है। फसलों के समर्थन मूल्य में दो गुना वृद्धि, प्रतिवर्ष 6000 रुपये मानदेय से किसानों की आर्थिकी सुदृढ़ हुई है उन्होनें कांग्रेस के नौ सवालों को खारिज करते हुए कहा कांग्रेस की राजनीति झूठ पर आधारित है।

नौ साल पर, कांग्रेस के नौ सवाल 

कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर नौ साल पर नौ सवाल दागे। कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व सांसद एनी याग्निक ने उत्तराखंड के प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के नौ साल के कार्यकाल को बेहद निराशाजनक बताया। कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार, किसानों की आय बढ़ाना, महंगाई पर काबू पाना हर मोर्चे पर विफल रही है। आगे कहा कि चीन द्वारा सीमा पर कब्जा करना भी सरकार की विदेश नीति की नाकामी है। साथ ही सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में देकर मोदी सरकार ने देश की जनता को धोखा दिया है। साथ ही संसद में विपक्ष की आवाज दबाकर लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया है।

‘आप’ ने कहा ‘नौ साल देश बदहाल’

केंद्र की मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल को आप पार्टी ने भी एक बुरा दौर कहा। आम आदमी पार्टी से उत्तराखंड के प्रदेश समन्वयक जोत सिंह बिष्ट ने प्रधानमंत्री मोदी के नौ वर्षों के कार्यकाल पर तंज कसते हुए कहा ‘नौ साल देश बदहाल’। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान देश में बेरोजगारी बढ़ी है, महंगाई की मार से जनता त्रस्त है, नोटबंदी की आग में आम लोगों को झोंका गया, भ्रष्टाचार के झूठे केस में विपक्षी दलों के नेताओं को जेल में डाल लोकतंत्र को कुचला गया। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास का नारा देने वाली पार्टी ने सिर्फ खुद का और उद्योगपतियों का विकास किया है। महिला सशक्तिकरण की बात बोलने वाली मोदी सरकार, धरने पर बैठी महिला पहलवानों को इंसाफ तक नहीं दे पा रही। ऐसे में ये नौ साल देश की बदहाली की दास्तां बयां करते हैं।

About Post Author