प्राण प्रतिष्ठा से दूरी बनाने पर मंत्री असीम अरुण का हमला, कहा- ‘कांग्रेस ने निभाई नेहरू की परंपरा, सामने आया सपा का चरित्र’

रिपोर्ट- मो0 रज़ी सिद्दीकी

बाराबंकी- राज्य मंत्री समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण असीम अरुण आज बाराबंकी पहुंचे। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्‍य पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने 2047 के विकसित भारत में युवाओं की भूमिका के विषय पर आयोजित संगोष्ठी में हिस्सा लिया। इसके साथ ही स्वामी विवेकानंद के 30 हजार वर्ग फीट में बनी रंगोली चित्र का भी अनावरण किया। इस दौरान असीम अरुण ने कहा कि अगर भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है तो हमें बेईमानी और भ्रष्टाचार को अपने डीएनए से निकालना पड़ेगा। वहीं अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से दूरी बनाने पर असीम अरुण ने सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा- कांग्रेस ने नेहरू की पुरानी परंपरा को निभाया है। वहीं सपा का चरित्र एक बार फिर सभी के सामने आ गया। उन्होंने कहा कि सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य का दिमागी संतुलन बिगड़ चुका है|

वहीं अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने से कांग्रेस और सपा के इनकार पर राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि यह इन लोगों का कोई नया रुख नहीं है। कांग्रेस की यह बहुत पुरानी परंपरा है। जब सोमनाथ मंदिर का जीवन जीर्णोद्धार होना था, तब भी तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने समारोह से दूरी बनाई थी। तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद समारोह में शामिल हुए थे तब पंडित नेहरू ने राजेंद्र प्रसाद के फैसले का विरोध किया था। आज कांग्रेस ने राम मंदिर का निमंत्रण अस्वीकार करके फिर से नेहरू की पुरानी परंपरा निभाई है। उस वक्त लोगों ने भी नेहरू के विरोध का समर्थन किया था और नेहरू ने आगामी चुनावों में भी इसे भुनाया था। ठीक इसी तरह कांग्रेस ने अभी फैसला लिया है और राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने से इनकार किया है।

राजनीति के लिए किसी की भावनाओं से खेलना गलत

उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव और समाजवादी पार्टी ने जिस प्रकार कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं, वह सभी के सामने है। आज अयोध्या में जब भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हो रही है, तो एक बार फिर इन सभी लोगों का चरित्र सामने आ गया है लेकिन इस बार देश की जनता इन सभी लोगों को करारा जवाब देगी। वहीं कारसेवकों पर गोली चलवाने को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर भी राज्य मंत्री असीम अरुण ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य जो बोलते हैं, उसका कोई तर्क नहीं होता। वह यह भी भूल चुके हैं कि राजनीति के लिए किसी की भावनाओं से खेलना गलत है। उनके इस बयान की जितनी भी निंदा की जाए वह कम ही होगी। उनका मानसिक संतुलन कितना बिगड़ चुका है। यह उनके बयानों से साफ नजर आता है।

 

About Post Author