40 साल पुराने छेड़छाड़ केस में 64 साल की उम्र में गिरफ्तार हुआ आरोपी, बोला- याद नहीं किसे छेड़ा था

Khandwa News: 1986 में दर्ज हुआ था मामला, जमानत के बाद लगातार फरार था अशोक कुमार; गन्ने की चरखी की दुकान से पुलिस ने पकड़ा

Knews Desk- मध्य प्रदेश के खंडवा में पुलिस ने 40 साल पुराने छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय नगर निवासी 64 वर्षीय अशोक कुमार के रूप में हुई है। वर्ष 1986 में युवती से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार होने के बाद उसे जमानत मिल गई थी, लेकिन इसके बाद वह अदालत की किसी भी सुनवाई में पेश नहीं हुआ। अब मोघट रोड पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मोघट रोड पुलिस के मुताबिक, अशोक कुमार पिता पॉपसिंग उर्फ पप्पू के खिलाफ वर्ष 1986 में एक महिला ने छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय आरोपी की उम्र करीब 24 साल थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे जमानत मिल गई। हालांकि, जमानत के बाद वह लगातार अदालत से गैरहाजिर रहा। इसके चलते कोर्ट ने उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी कर दिया था।

करीब चार दशक तक फरार रहने के दौरान अशोक कुमार का चेहरा और हुलिया बदल चुका था। पुलिस ने उसकी तलाश में जलेबी चौक स्थित कटिंग की दुकान और संजय नगर के पुराने मकान पर दबिश दी, लेकिन दोनों जगह ताला मिला।

इसी बीच थाना प्रभारी विकास खिंची और हेड कांस्टेबल रफीक खान को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बस स्टैंड के पास गन्ने की चरखी की दुकान में रह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में बोला- याद नहीं किस युवती से की थी छेड़छाड़

पुलिस पूछताछ में अशोक कुमार ने 40 साल पुराने मामले को लेकर अनभिज्ञता जताई। उसने कहा कि उसे इतना पुराना मामला याद नहीं है और यह भी याद नहीं कि उसने किस युवती के साथ छेड़छाड़ की थी। पुलिस के अनुसार, बढ़ती उम्र के कारण आरोपी को भूलने की समस्या भी है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और आरोपी को अदालत में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *