Knews Desk: बिहार के गया जिले में एक भैंस के मालिकाना हक को लेकर ऐसा विवाद खड़ा हो गया है, जिसने पुलिस और प्रशासन की भी मुश्किल बढ़ा दी है। एक ही भैंस पर दो पक्ष अपना-अपना दावा कर रहे हैं। मामला इतना बढ़ा कि अब इसकी सच्चाई पता लगाने के लिए DNA टेस्ट कराने का फैसला लिया गया है।
मामला अतरी थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव का है। बताया जा रहा है कि मोहड़ा के उतर निवासी सूरज यादव की भैंस कुछ दिन पहले अचानक लापता हो गई थी। तलाश के दौरान जानकारी मिली कि भैंस उपथू के महाचक गांव होते हुए नौरंगा टोली पहुंच गई है। वहां प्रकाश मांझी ने उसे अपने पास रख लिया।
सूचना मिलने पर सूरज यादव नौरंगा पहुंचे और भैंस को अपनी बताते हुए पुलिस से शिकायत की। अतरी थाना पुलिस भैंस को थाने ले आई और पूछताछ के बाद उसे सूरज यादव को सौंप दिया। हालांकि, इसके बाद विवाद खत्म होने के बजाय और गहरा गया।
प्रकाश मांझी के पक्ष का दावा है कि यह वही भैंस है जो करीब चार साल पहले चोरी हो गई थी। उनका कहना है कि भैंस अब खुद अपने पुराने इलाके में लौट आई और अपने पुराने घर को पहचान लिया। दूसरी तरफ सूरज यादव का दावा है कि भैंस उनकी है और हाल ही में उनके पास से गायब हुई थी।
विवाद के बीच अतरी थाना प्रभारी पर एक पक्ष का समर्थन करने के आरोप भी लगे। मामला बढ़ने के बाद भैंस को दोबारा थाने बुलाया गया और कुछ दिनों तक पुलिस की निगरानी में रखा गया। फिलहाल भैंस को फिर सूरज यादव के हवाले किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मगध प्रक्षेत्र के IG विकास वैभव ने DNA जांच कराने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीण एसपी दिव्यांजलि जायसवाल को भी मामले की निष्पक्ष और जल्द जांच करने को कहा गया है।
DNA टेस्ट के लिए दोनों पक्षों के पास मौजूद अन्य भैंसों के बच्चों के DNA से इस भैंस का मिलान कराया जाएगा। जिस पक्ष के पशुओं के DNA से भैंस का मिलान होगा, उसके दावे को सही माना जाएगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच मंगलवार को हम पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने ग्रामीणों और प्रकाश मांझी के परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के साथ IG विकास वैभव से मुलाकात कर निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की।
अब इस पूरे मामले में पुलिस की जांच के साथ DNA रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि भैंस वास्तव में किसकी है और चार साल पहले चोरी होने की कहानी सच है या हाल में गायब होने का दावा सही है। फिलहाल एक भैंस का मालिकाना हक गया पुलिस के लिए भी बड़ी पहेली बना हुआ है।