Knews Desk- दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में लगी भीषण आग के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। हादसे के समय होटल में काम कर रहे कुक केशव नेगी ने बताया कि आग की शुरुआत किचन में रखे इलेक्ट्रिक स्टोव में विस्फोट होने से हुई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि उस समय इलाके की बिजली पहले से ही गुल थी, इसके बावजूद आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया।

कुक के मुताबिक घटना के वक्त होटल में सामान्य कामकाज चल रहा था। अचानक किचन से तेज धमाके की आवाज आई और कुछ ही सेकंड में आग की लपटें उठने लगीं। कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। इसके बाद होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग फैलने के पीछे गैस, ज्वलनशील सामग्री और होटल के अंदर मौजूद अन्य उपकरण भी कारण बन सकते हैं। हालांकि आग लगने की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है। दमकल विभाग और पुलिस की टीमें घटनास्थल की जांच कर रही हैं।
इस हादसे में कई लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और होटल में सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल होटल कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि हादसे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।