KNEWS DESK- दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली सरकार पूरी तरह सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्रियों के साथ विभिन्न संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राजधानी में प्रदूषण नियंत्रण के लिए अब तक उठाए गए कदमों की समीक्षा की। उन्होंने अधिक प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों यानी हॉटस्पॉट्स की पहचान कर वहां लगातार निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने धूल नियंत्रण, वाहन प्रदूषण और औद्योगिक उत्सर्जन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जमीनी स्तर पर त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण अभियान में विभिन्न एजेंसियों और विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को एकजुट होकर काम करने को कहा। सरकार ने कहा कि दिल्लीवासियों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने के लिए प्रदूषण के खिलाफ हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है।