Delhi: दिल्ली के सबसे व्यस्त ट्रैफिक इंटरसेक्शन ITO में घुसा पानी, जानिए कैसे हुआ ये….

KNEWS DESK-  दिल्‍ली के कई इलाके बाढ़ के पानी में डूब गए हैं। यमुना खतरे के निशाने से करीब तीन मीटर ऊपर बह रही है। निचले इलाकों को जलमग्न करते हुए यमुना का पानी अब मेन दिल्ली तक पहुंच गया है। ITO के पास रिंग रोड हो या कश्‍मीरी गेट का ISBT, सब जगह पानी भर गया है। जैतपुर, वजीराबाद, निगम बोध के आसपास का इलाका, गीता कॉलोनी समेत कई इलाके डूबे हुए हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘जिन इलाकों में जलभराव है, वहां सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।’ मंत्री आतिशी ने कहा कि पहली बार दिल्‍ली में यमुना का जलस्तर इतना बढ़ा है।

 

 

 

आईटीओ बैराज की समस्या और बाढ़ की वजह से उत्पन्न हालात को लेकर मीडिया से बाचतीत में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अलग-अलग कारणों से अलग-अलग इलाकों में पानी घुस गया। आईटीओ पर नाली नियामक के टूटने के कारण पानी आ गया। वहीं राजघाट पर नाले से पानी के बैकफ्लो के कारण और कई अन्य स्थानों पर ओवरफ्लो के कारण यमुना नदी का पानी आवासी इलाकों में फैला। कई जगहों पर यमुना का पानी ओवरफ्लो होने के कारण आवासीय व अन्य इलाकों में घुसा है।

उन्होंने कहा कि लोगों को जल्द ही राहत मिलनी शुरू हो जाएगी, पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है। कल यमुना का जल स्तर 208.66 तक पहुंच गया था। वहां से यमुना का पानी 208.38 तक आ गया है। अब धीरे-धीरे पानी जैसे जैसे नीचे आता जाएगा लोगों को उसी हिसाब से राहत मिलेगी। बाढ़ से प्रभावित इलाके में खतरे को लेकर मुनादी कराए जा रहे हैं. लोगों को खतरे की जानकारी देने का काम जारी है।

दिल्ली के सीएम ने ये भी कहा कि आईटीओ बैराज पर पूरी रात हमारी टीमें WHO बिल्डिंग के पास ड्रेन नंबर 12 के रेगुलेटर की क्षति को ठीक करने के काम में लगी रही। फिर भी इस दरार से होकर यमुना का पानी शहर में प्रवेश कर रहा है। सरकार ने मुख्य सचिव को इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेने का निर्देश दिया है। साथ ही ये भी कहा है कि वो लोगों को ज्यादा से ज्यादा और कम समय में समस्या से राहत प्रदान करने के लिए सेना और एनडीआरएफ की मदद लेने का भी निर्देश दिया है। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि इसे तत्काल ठीक करने की जरूरत है।

About Post Author