बाथरूम में जली हुई लाशें , दम घुट रहा था….. मालवीय नगर अग्निकांड के चश्मदीद ने बयां किया खौफनाक मंजर

Knews Desk- दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। लेमन ग्रीन होटल और रेस्टोरेंट में लगी आग में कई लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद सामने आए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान इस त्रासदी की भयावहता को बयां कर रहे हैं।

घटना के दौरान होटल में मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। उसने कहा, “चारों तरफ धुआं ही धुआं था। सांस लेना मुश्किल हो गया था। दम घुट रहा था और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे।” प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, बाथरूम तक में जले हुए शव पड़े थे और पूरे भवन में चीख-पुकार मची हुई थी।

बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद कई लोग ऊपरी मंजिलों पर फंस गए। कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनी से कूदने की कोशिश की। दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धुएं के कारण लोगों को बाहर निकलने का रास्ता तक दिखाई नहीं दे रहा था। कई लोग कमरों और बाथरूम में फंस गए, जहां से निकल पाना उनके लिए संभव नहीं हो सका। यही वजह रही कि हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की जान चली गई।

घटना के बाद पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी जांच में जुट गए हैं। शुरुआती जांच में भवन की सुरक्षा व्यवस्थाओं और फायर सेफ्टी मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर राजधानी में भवन सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं।