दिल्ली के हौज खास में AC ब्लास्ट , पूर्व IAS अधिकारी की दम घुटने से हुई मौत

Knews Desk– दिल्ली के हौज खास इलाके में एक दर्दनाक हादसे में देश के पहले भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के चेयरमैन और सेवानिवृत्त IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार का निधन हो गया। 27 मई की रात उनके घर में लगी भीषण आग की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान AIIMS ट्रॉमा सेंटर में उन्होंने अंतिम सांस ली। वह 80 वर्ष के थे।

जानकारी के मुताबिक, आग हौज खास स्थित उनके आवास में एयर कंडीशनर (AC) के इनडोर यूनिट में हुए विस्फोट के कारण लगी। घटना के समय घर में परिवार के सदस्य और घरेलू कर्मचारी समेत कुल पांच लोग मौजूद थे। बुधवार रात करीब 11:18 बजे हौज खास थाने में PCR कॉल के जरिए आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दो दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर के अंदर मौजूद लोग धुएं और आग से प्रभावित हो चुके थे।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दो लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें धनेंद्र कुमार और उनके बेटे शामिल थे। धनेंद्र कुमार को गंभीर हालत में AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, उनके बेटे का भी अस्पताल में इलाज किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह AC यूनिट में ब्लास्ट बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *