Knews Desk– दिल्ली से मानसून की वापसी के ठीक एक दिन बाद मौसम में फिर बदलाव देखने को मिला है। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के कारण शनिवार से अगले तीन दिनों तक दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। रविवार को इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। 25 सितंबर को दिल्ली-NCR में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।चक्रवात ‘अर्नब’ और डिप्रेशन का असर उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में भी दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने यूपी के 23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 38 जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। 25 और 26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो सकती है।
बिहार में भी मानसून की विदाई के दौरान बारिश का सिलसिला जारी है। पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 सितंबर तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और आंधी की संभावना है। बारिश के कारण राज्य में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।झारखंड में भी बंगाल की खाड़ी से बने सिस्टम का असर देखने को मिल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने 16 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिसमें 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट शामिल है। 25 और 26 सितंबर को राज्य के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
राजस्थान में मौसम का असर अलग-अलग इलाकों में अलग नजर आ रहा है। पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। हालांकि, अगले 2 से 3 दिनों में पूर्वी राजस्थान के कोटा और भरतपुर संभाग में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।पहाड़ी राज्यों में भी मौसम विभाग ने सतर्क रहने की चेतावनी दी है। हिमाचल प्रदेश में 26 सितंबर को येलो अलर्ट और 27 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भूस्खलन के कारण 42 सड़कें पहले से बंद हैं।उत्तराखंड के नैनीताल, चम्पावत, उधम सिंह नगर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 25 से 27 सितंबर के बीच मूसलाधार बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मध्य प्रदेश में भी 25 सितंबर को आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा और दमोह समेत कई जिलों में 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने तथा गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में तूफान के बाद भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। विशाखापत्तनम समेत कई तटीय क्षेत्रों में बारिश का असर देखने को मिला है। वहीं, पश्चिम बंगाल के कोलकाता और मेदिनीपुर के अलावा पूर्वोत्तर के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी शनिवार तक मूसलाधार बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।