कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की टिप्पणी पर मचा बवाल, भाजपा प्रवक्ता बोले माहरा मांगे मांफी, दें इस्तीफा

उत्तराखंड-  आगामी चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस ने सरकार को घेरने की पूरी योजना बना ली है। जिसके तहत वे भाजपा के कार्यकाल के दौरान कमियों को गिनायेगी। इसी को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने गढ़वाल में स्वाभिमान न्याय यात्रा निकाली जिसमें गढ़वाल की बेटी अंकिता की हत्या केस में भाजपा की कमियों को गिनाया व लोगों से समर्थन मांगा लेकिन इसी दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब प्रसारित हो रहा है। जिसमें वे गढ़वाल के लोगों पर अभद्र टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसको लेकर लोगों में आक्रोश भी है। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने इस पर कहा है कि यह वायरल वीडियो एक साजिश के तहत वायरल किया गया है।

“माहरा ने गढ़वाल के लोगों का किया अपमान”

इस वायरल वीडियो पर भाजपा के नेताओं ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को मांफी मांगने को कहा। भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि कांग्रेस की स्वाभिमान न्याय यात्रा को गढ़वाल के लोगों का सहयोग नहीं मिला इसके चलते उन्होंने अपनी टिप्पणी से वहां के लोगों का अपमान किया। उन्होंने कहा कि माहरा को इसके लिए गढ़वाल की जनता से मांफी मांगनी चाहिए। वहीं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विपिन कॅथोला ने कहा कि इसके लिए करन माहरा को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

‘आप’ ने कहा माहरा की टिप्पणी से गिरा राजनीति का स्तर 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के दिए गए बयान को लेकर आप पार्टी ने भी आपत्ति जताई है। आप पार्टी के प्रदेश समन्वयक ज्योत सिंह बिष्ट ने कहा कि माहरा की टिप्पणी से उत्तराखंड की राजनीति का स्तर गिरा है। उत्तराखंड की जनता पर थूकने जैसी टिप्पणी करना निंदनीय है। वहीं प्रवक्ता कमलेश रमन ने भी कहा है कि करन माहरा को अपनी टिप्पणी को लेकर प्रदेश की जनता से मांफी मांगनी चाहिए।

About Post Author