छत्तीसगढ़: कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा का बड़ा बयान, ‘150 भी पार नहीं कर पाएगी भाजपा’

रिपोर्ट:बालक राम यादव

सुकमा- कांग्रेस सरकार में आबकारी मंत्री रहे और मौजूदा लोकसभा चुनाव में बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा ने भाजपा पर तंज कसते हुए हमला बोला है। सुकमा जिले के नागारास के पोलिंग बूथ में सपरिवार मतदान करने के बाद कवासी लखमा ने पत्रकारों से बातचीत करने के दौरान बड़ी बात कही।

मीडिया से चर्चा करते हुए कवासी लखमा ने कहा कि जिस तरह रमन सिंह ने 65 पार का नारा लगाया था, जिसके बाद सरकार चली गई। वैसे ही हम लोग भी विधानसभा चुनाव 75 पार में फंस गए और निपट गए| अब भाजपा ने 400 पार का नारा दिया है लेकिन 150 भी पार नहीं कर पायेगी भाजपा| कवासी लखमा ने कहा कि इस बार जनता मुझे मौका देगी, क्योकि कांग्रेस हर वर्ग के लोगों के साथ चलती है| हमारा मुद्दा बस्तर की जनता की समस्याओं को दिल्ली तक पहुंचाना है| यहां नगरनार स्टील प्लांट के निजीकरण को रोकना है| पोलावरम बांध से प्रभावित लोगों की समस्याओं को दूर करना है| बस्तर को रेल व हवाई मार्ग से कैसे जोड़ा जाए, इसपर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षण कराना है| आदिवासियों के विकास को लेकर काम करेंगे| उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ झूठ बोलने का काम करती है|

कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के कांग्रेस छोड़ने और भाजपा में शामिल होने के सवाल पर कवासी लखमा ने कहा कि स्वार्थी लोग ही पार्टी छोड़ रहे हैं| कांकेर में कांग्रेस के पास बहुत नेता हैं, उन्हें मौका मिलेगा| ये कचरा लोग हैं, जिनके जाने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा| बल्कि कांग्रेस की गंदगी ही खत्म हो रही है| कवासी लखमा ने कहा कि ये लोग जब कांग्रेस में थे तब मलाई खा रहे थे| अब भाजपा की सरकार बनी तो भाजपा में चले गए| दलबदलू लोगों को जनता सबक जरूर सिखाएगी|

About Post Author

Leave a Reply

Your email address will not be published.