बारिश के बीच भी जारी रहा सीएम योगी का जनता दर्शन, 250 लोगों की सुनी फरियाद, अधिकारियों को समाधान के निर्देश

Knews Desk- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह खराब मौसम के बावजूद गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन किया। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए इस कार्यक्रम का आयोजन महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में किया गया। यहां सीएम योगी ने करीब 250 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध व संवेदनशील तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश की परवाह किए बिना जनता से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए।

जमीन विवाद और इलाज से जुड़ी समस्याएं पहुंचीं सीएम के पास

जनता दर्शन में कई लोगों ने जमीन पर कब्जे, पारिवारिक भूमि विवाद और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद से जुड़ी अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवादों की निष्पक्ष जांच कराकर जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर किसी गरीब की जमीन पर दबंगों ने अवैध कब्जा किया है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

वहीं, इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों के मामलों में मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पतालों से जल्द चिकित्सा खर्च का अनुमान तैयार कर शासन को भेजा जाए, जिससे मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से जरूरतमंदों को समय पर मदद उपलब्ध कराई जा सके।

जनता दर्शन के बाद की गोसेवा

जनता दर्शन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर की गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोवंश को अपने हाथों से गुड़ और रोटी खिलाई। इसके साथ ही उन्होंने गुरु गोरखनाथ और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी की परंपरा के अनुसार आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान एक बार फिर दोहराया कि जनसेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *