लखनऊ में फ्लाई दुबई के विमान से पक्षी टकराया:इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई, 163 यात्री सवार थे; 6 घंटे से एयरपोर्ट पर खड़ा

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दुबई से आ रही फ्लाई दुबई की अंतरराष्ट्रीय उड़ान बर्ड हिट का शिकार हो गई। विमान में पक्षी के टकराने के बाद पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई। हादसे के समय फ्लाइट में 163 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे।

Knews Desk- फ्लाई दुबई की फ्लाइट एफडी-443 (FZ-443) शनिवार सुबह दुबई से उड़ान भरकर लखनऊ पहुंच रही थी। निर्धारित समय के अनुसार यह विमान सुबह करीब 6:35 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचना था। लैंडिंग से कुछ समय पहले एयरपोर्ट के आसपास विमान से अचानक एक पक्षी टकरा गया।

बर्ड हिट की जानकारी मिलते ही पायलट ने बिना कोई जोखिम उठाए एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी और विमान की आपात लैंडिंग कराने का फैसला लिया। पायलट की सूझबूझ और त्वरित निर्णय से बड़ा हादसा टल गया। विमान को सुबह करीब 7:13 बजे सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार लिया गया।

लैंडिंग के बाद यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइन अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

उड़ान को किया गया स्थगित, शुरू हुई तकनीकी जांच

बर्ड हिट के बाद विमान को रनवे से हटाकर पार्किंग बे में ले जाया गया, जहां इंजीनियरों की टीम ने विमान की जांच शुरू कर दी। तकनीकी विशेषज्ञ इंजन और विमान के अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों की गहन जांच कर रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की तकनीकी खराबी की संभावना को खत्म किया जा सके।

यह विमान लखनऊ से दुबई जाने वाली फ्लाइट एफडी-444 के रूप में सुबह 7:35 बजे रवाना होने वाला था, लेकिन सुरक्षा कारणों के चलते उड़ान को रोक दिया गया। विमान की दोबारा उड़ान तभी शुरू होगी, जब सभी सुरक्षा जांच पूरी हो जाएंगी और इंजीनियरों की ओर से फिटनेस क्लीयरेंस मिल जाएगा।

क्या होता है बर्ड हिट?

विमान और पक्षी की टक्कर को एविएशन की भाषा में बर्ड स्ट्राइक या बर्ड हिट कहा जाता है। टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान ऐसी घटनाएं ज्यादा संवेदनशील मानी जाती हैं, क्योंकि इस समय विमान कम ऊंचाई पर होता है। पक्षी के इंजन या विंडशील्ड से टकराने पर विमान की सुरक्षा जांच जरूरी हो जाती है।

लखनऊ एयरपोर्ट पर हुई इस घटना में पायलट की सतर्कता और एयरपोर्ट टीम की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही आगे की उड़ान को लेकर फैसला लिया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *