एलके आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने पर सीएम भजनलाल शर्मा ने जताई खुशी, कहा- ‘राम मंदिर के संकल्प को साकार…’

KNEWS DESK-  राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सहित कई नेताओं ने पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने के ऐलान पर खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं| दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से सम्मानित किए जाने का ऐलान किया|

इसके बाद सीएम भजनलाल शर्मा ने लालकृष्ण आडवाणी को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिये भारत रत्न दिए जाने पर शुभकामनाएं दीं| पोस्ट में उन्होंने लिखा, भारतीय लोकतंत्र की उत्कृष्ट परंपराओं के प्रबल संवाहक, बीजेपी परिवार के दृढ़ स्तंभ, प्रखर राष्ट्रवादी, लोकप्रिय जननेता, पूर्व उप प्रधानमंत्री आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए जाने पर अनंत आत्मीय शुभकामनाएं|

भजनलाल शर्मा ने लिखा कि सार्वजनिक जीवन में आडवाणी की दशकों लंबी सेवा को पारदर्शिता और अखंडता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता द्वारा चिह्नित किया गया है, जिसने राजनीतिक नैतिकता में एक अनुकरणीय मानक स्थापित किया है| उन्होंने राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पुनरुत्थान को आगे बढ़ाने की दिशा में अद्वितीय प्रयास किए हैं| भजनलाल के मुताबिक, भारत की विकास यात्रा और भव्य श्री राम मंदिर निर्माण के संकल्प को साकार करने में आडवाणी का योगदान अतुलनीय है|

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी इस ऐलान पर खुशी जताई| उन्होंने एक बयान में कहा, आडवाणी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र तथा समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा है| अपने राजनीतिक कौशल, प्रशासकीय अनुभव और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण से आडवाणी ने भारत के भविष्य की नींव रखी और राष्ट्र निर्माण में जुटे रहे| हम सभी के लिए उनकी तपस्या, त्याग, संघर्ष और समर्पण प्रेरणा का अमृत पुंज है|

देवनानी ने ‘एक्स’ अकाउंट पर लिखा, आज हृदय अत्यंत प्रसन्न है| भारत सरकार ने हम सभी के मार्गदर्शक, श्रद्धेय लालकृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित करने का निर्णय लिया है| श्रद्धेय लालकृष्ण आडवाणी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र तथा समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा है| बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष जोशी सहित अन्य नेताओं ने भी केंद्र सरकार के इस फैसले पर खुशी जताते हुए आडवाणी को बधाई दी है|

About Post Author