मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रीवा सिटीजन ऐप का किया शुभारंभ, नागरिकों को नगर निगम की सेवाओं का घर बैठे मिलेगा लाभ

KNEWS DESK-  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नगर पालिक निगम रीवा द्वारा निर्मित माय रीवा सिटीजन ऐप का शुभारंभ किया। यह ऐप नागरिकों की सेवा में एक स्मार्ट पहल है, जिसके माध्यम से रीवा के नागरिक नगर निगम की सेवाओं से जुड़कर घर बैठे आवश्यक सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस अवसर पर नगर निगम द्वारा माय रीवा सिटीजन ऐप से संबंधित निर्मित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर जिले के विकास में सहभागी बनने का आहवान किया।

माय रीवा सिटीजन ऐप में शिकायत पंजीकरण, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, नाली, सड़क, सीवरेज, पेयजल सहित सेवा ट्रैकिंग और समाधान स्थिति को देखा जा सकेगा। इसके माध्यम से आमजन सुझाव, फीडबैक प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे। जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र, सम्पत्तिकर, जलकर भुगतान, अनुमति एवं अनापत्ति प्रमाण-पत्र एवं ई-चालान सहित अन्य सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। ऐप में शिकायत के साथ फोटो अपलोड करने, गूगल मैप आधारित स्थान चिन्हांकन, वन-स्टाप प्लेटफार्म में शिकायतों, सेवाएँ, सरल एवं पारदर्शी इंटरफेस, डैशबोर्ड तथा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण आदि की सुविधा भी रहेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा प्रवास के दौरान राजनिवास सर्किट हाउस परिसर में नवनिर्मित विश्राम गृह का लोकार्पण किया। इंडो-यूरोपियन शैली में पुर्नघनत्वीकरण योजना से 656.45 लाख रूपये की लागत से निर्मित विश्राम गृह सभी आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा मानकों के अनुसार बनाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर नवनिर्मित विश्राम गृह का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नवीन सर्किट हाउस रीवा के लिए बड़ी सौगात है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन विश्राम करने वालों को सुखद अनुभूति देगा। उन्होंने नवीन सर्किट हाउस निर्माण के लिए उप मुख्यमंत्री शुक्ल को साधुवाद दिया। मुख्यमंत्री ने लोकार्पण के उपरांत सर्किट हाउस का अवलोकन किया और बेहतर निर्माण की प्रशंसा की।

ये भी पढ़ें-   राहुल गांधी को हिंदू धर्म से बहिष्कृत करो…क्या शंकराचार्य के पास है ऐसी पावर?

About Post Author