गणतंत्र दिवस पर आयोजित परेड में पहुंचे चंदौली सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडे, बोले-“विश्व आर्थिक मंच पर हो रही भारत की आर्थिक नीतियों की प्रशंसा

रिपोर्ट – अश्विनी मिश्र 

उत्तर प्रदेश – चंदौली जनपद के जिला मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में आयोजित गणतंत्र दिवस के परेड में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के केंद्रीय कैबिनेट मंत्री व चंदौली के सांसद डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडे ने ध्वजारोहण करते हुए परेड की सलामी ली |
इस दौरान उन्होंने संविधान में दिए गए निर्देशों के अनुसार भारत को विश्व गुरु बनाने एवं सशक्त भारत के निर्माण के लिए सभी को संविधान में प्रदत्त नियमों के पालन करने का भी आह्वान किया।

हमारा देश निरंतर अग्रसर हो रहा है

उन्होंने अपने संबोधन में मंच से कहा कि भारत की आर्थिक स्थिति इन दिनों विश्व के लिए एक मॉडल बनती जा रही है। हाल ही में स्विट्जरलैंड में आयोजित विश्व आर्थिक मंच के सम्मेलन में विश्व के अधिकतर देशों ने भारत के आर्थिक नीतियों की प्रशंसा की है। हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरा होने के पहले ही विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है, जिसमें हमारा देश निरंतर अग्रसर हो रहा है। उन्होंने बनारस का जिक्र करते हुए कहा कि सबसे प्राचीन शहर बनारस का उल्लेख ग्रीस के शीला पट्ट पर उल्लेखित किया गया है। बनारस अपने संस्कार एवं संस्कृति की धरोहर को सजोये हुए हैं, जिसकी चर्चा की जाती है। हमें भी पाश्चात्य सभ्यता को छोड़कर अपने पुरातन संस्कार और संस्कृति पर चल के देश को आगे बढ़ाना है।

न्यायपालिका सबूत के आधार पर निर्णय देती

इस दौरान उन्होंने पत्रकार वार्ता में ज्ञानव्यापी की एसआईटी (SIT)  की रिपोर्ट में हिंदू देवी देवताओं के चिन्ह मिलने के सवाल पर कहा कि यह न्यायपालिका का मामला है और न्यायपालिका सबूत के आधार पर निर्णय देती है न्यायपालिका के निर्णय सर्वमान्य होंगे। पड़ोसी राज्य बिहार के मुख्य मंत्री नीतीश कुमार की एनडीए गठबंधन में शामिल होने की अटकलें पर कहा कि बिहार की संस्कृति अति प्राचीन है देश हित में अगर कोई गठबंधन में आता है तो उसका स्वागत है।

अंग वस्त्र भेंट कर किया उनका सम्मान

इस अवसर पर पुलिसकर्मियों द्वारा अच्छे कार्य करने पर उन्हें मुख्य अतिथि द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र भी दिया। वहीं स्वतंत्रता की लड़ाई में शहीद हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी अंग वस्त्र भेंट कर उनका सम्मान किया गया| गणतंत्र दिवस के अवसर पर  जनपद के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा देश भक्ति रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

गणतंत्र दिवस की परेड में जिला जज सुनील कुमार चतुर्थ, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे,पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार सहित जिले के आला अधिकारी,पुलिसकर्मी गढ़मान्य नागरिक उपस्थित रहें।

About Post Author