हमीरपुर से भाजपा ने तीसरी बार पुष्पेंद्र सिंह चंदेल को चुनाव मैदान में उतारा, सांसद ने जताया आभार, कहा-“मिली जिम्मेदारी को गरिमा से आगे बढ़ाएंगे”

रिपोर्ट – सिद्धार्थ द्विवेदी

उत्तर प्रदेश – यूपी के हमीरपुर महोबा लोकसभा सीट के लिए तीसरी बार लगातार भाजपा ने पुष्पेंद्र सिंह चंदेल पर भरोसा जता कर चुनाव मैदान में उतार दिया है। वर्तमान सांसद को टिकट मिलते ही उनके समर्थकों और परिवार में खासा उत्साह है। उनके आवास में ढोल नगाड़े बजाकर जमकर पटाखे फोड़े जा रहे है। सांसद ने तीसरी बार टिकट दिए जाने पर पार्टी के पदाधिकारियों का आभार जताया है। उनके समर्थकों ने लोकसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की बदौलत तीसरी बार फिर जीत का दावा किया है।

आपको बता दें कि हमीरपुर-महोबा लोकसभा सीट का दायरा तीन जिलों में फैला है जिसमें हमीरपुर के साथ महोबा और बांदा जिला भी शामिल है। इस लोकसभा सीट में पांच विधान सभा सीटे आती है। जिसमें हमीरपुर जिले की हमीरपुर और राठ विधान सभा, महोबा जिले की महोबा और चरखारी विधान सभा के साथ बांदा जिले की तिंदवारी विधान सभा सीट शामिल है। इस लोकसभा सीट में करीब 15 लाख मतदाता है, जो प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करते है। वर्ष 2014 और 2019 में भी यही पुष्पेंद्र सिंह चंदेल भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े और दोनों  चुनाव में दो लाख से ज्यादा वोटो से जीते थे। अब एक बार फिर से भाजपा ने अपने दो बार के सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल को तीसरी बार चुनाव मैदान में उतार दिया है।

तीसरी बार प्रत्याशी बनाकर जताया भरोसा

50 साल के पुष्पेंद्र सिंह चंदेल महोबा जिले के रहने वाले है और छात्र जीवन से ही भाजपा से जुड़े हुए है। इनके पिता सरकारी सेवा में थे। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने अप्रत्याशित ढंग से बड़े-बड़े दावेदारों को दरकिनार कर युवा चेहरे पुष्पेंद्र सिंह चंदेल को टिकट दे कर सब को चौंका दिया था। पहले चुनाव में पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने सपा प्रत्यासी विशंभर निषाद को करीब दो लाख मतों से हरा कर जीत दर्ज की थी और फिर 2019 के चुनाव में पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने बसपा के दिलीप सिंह को भी करीब दो लाख वोटो के अंतर से हरा कर जीत दर्ज की थी। अब भाजपा ने 2024 के लिए भी इन्ही को प्रत्याशी बनाकर तीसरी बार इनपर भरोसा जताया है।

परिजनों और समर्थकों में खासा उत्साह

पुष्पेंद्र सिंह चंदेल लोकसभा की कार्यवाहियों में शत प्रतिशत उपस्थित रहते हैं। सरकारी कार्यक्रम और पार्टी के कार्यक्रमों में दिखाई देते हैं। पुष्पेंद्र सिंह चंदेल का टिकट घोषित होते ही उनके परिजनों और समर्थकों में खासा उत्साह है| यहीं वजह है कि उनके आवास पर जमकर ढोल नगाड़े और पटाखे छोड़े जा रहे हैं और सभी उत्साह में दिखाई दिए | बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा उन पर फिर भरोसा जताने पर उन्होंने कहा कि, ‘तीसरी बार जिस जिम्मेदारी के लिए आगे बढ़ाया है उसके लिए पार्टी का आभार है। मैं इस जिम्मेदारी को गरिमा से आगे बढ़ाते हुए इसका निर्वाहन करूंगा।”

PM मोदी के नेतृत्व में देश की जनता बीजेपी के साथ

वहीं इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को लेकर कहा कि उनका प्रत्याशी सज्जन,भले किसान परिवार से है। हर पार्टी अपने प्रत्याशी को मजबूत समझकर लड़ाती है, मगर मोदी जी के नेतृत्व में देश की जनता बीजेपी के साथ है। इंडिया गठबंधन अल्पसंख्यक को अपना वोट बैंक मानते है जाति को बांटकर चुनाव लड़ते है| उनके मनसूबे ध्वस्त होंगें। सभी जाति और धर्म के लोग भारत माता को शिखर पर पहुंचाने के लिए बीजेपी के साथ है। अभी बहुत से काम रह गए है इसलिए देश की जनता बार बार मोदी जी को प्रधानमंत्री बना रही है और तीसरी बार भी मोदी जी ही प्रधानमंत्री बनेंगे। समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी को चुनाव लड़ता पड़ता है, बल्कि बीजेपी में हर कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है। कार्यकर्ता पांच साल तक काम करते है इसलिए चुनाव में कोई दिक्कत समाने नहीं आती।

इस बार मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद

इस बार पुष्पेंद्र सिंह चंदेल के मुकाबले में सपा ने अर्जेंद सिंह राजपूत (लोधी) को टिकट दिया है। हमीरपुर जिले की राठ और महोबा जिले की चरखारी विधान सभा सीटे लोधी बाहुल्य है| इसलिए इस बार मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है। पुष्पेंद्र सिंह चंदेल के पिता हरपाल सिंह ने फिर से टिकट मिलने पर पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद देते हुए जीत का दावा किया है। हमीरपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील पाठक,अभिनव तिवारी,राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद, सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी आदि लोगों ने भी टिकट को लेकर खुशी जाहिर की और कहा कि हम लोग उत्साहित है,क्योंकि लगातार उनके कार्यकाल में किसी भी व्यक्ति का अहित नहीं किया गया और आज तक भ्रष्टाचार का कोई आरोप उन पर नहीं लगा है। सांसद ने निष्ठा और इमानदारी से अपने कर्तव्य को निभाया है। उनके विकास कार्य ऐतिहासिक रहे है| खासकर केन बेतवा लिंक परियोजना है, जिसे बुंदेलखंड के लोग सदियों तक याद करेंगे।

About Post Author