बिहार में छठ महापर्व संपन्न, सूर्यदेव को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया पारण

KNEWS DESK- बिहार में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार, 16 नवंबर 2026 को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। 36 घंटे के निर्जला उपवास पर रहे व्रतियों ने सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद पारण कर अपना व्रत पूरा किया। इस दौरान पटना सहित पूरे बिहार के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

महापर्व के अंतिम दिन तड़के से ही नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। व्रतियों ने सूप और दउरा में फल, ठेकुआ सहित पारंपरिक प्रसाद सजाकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। छठी मैया के पारंपरिक गीतों से घाटों का माहौल भक्तिमय बना रहा। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने गृह जिले मुंगेर के लखनपुर स्थित छठ घाट पर भगवान सूर्य की आराधना की और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इससे पहले रविवार शाम व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया था।

छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय से हुई थी। शनिवार को खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हुआ। रविवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ।

पटना में प्रशासन की ओर से 90 गंगा घाटों और 62 स्थायी एवं अस्थायी तालाब घाटों को छठ पूजा के लिए तैयार किया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर 13 घाटों को खतरनाक और अनुपयुक्त घोषित किया गया था। चार दिनों तक चले छठ महापर्व के समापन के साथ बिहार में भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल अब धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *