उत्तर प्रदेश: दिवाली से पहले सीएम योगी की तरफ से बड़ा तोहफा, महिला पेंशन की राशि को बढ़ाने का किया ऐलान

KNEWS DESK- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिलाओं को बड़ी सौगात देने वाले हैं| आज मुख्यमंत्री योगी औरैया दौरे पर थे| जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि महिला पेंशन की राशि में इजाफा किया जाएगा|

आपको बता दें, जनसभा का आयोजन तिरंगा मैदान में किया गया था| सीएम योगी ने जनपद को 688 करोड़ की 145 विकास परियोजनाओं की सौगात दी| इस समय महिलाओं को पेंशन की धनराशि एक हजार रुपये प्रतिमाह दी जा रही है| सीएम योगी ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि पेंशन की एक हजार की रकम आने वाले समय में बढ़ा दी जाएगी| उन्होंने कहा कि आधी आबादी को सम्मान दिए बिना विकास की योजनाओं का मूल्य अधूरा है|

मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटियों को लाभ मिल रहा है| बेटी के जन्म लेने से स्नातक की पढ़ाई तक सरकार 15 हजार रुपए दे रही है| अब नए सत्र से धनराशि को बढ़ाकर 25 हजार रुपये करने का निर्णय लिया गया है| बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को दो यूनिफॉर्म, जूता, मोजा, बैग, किताब, स्वेटर सुविधा दी जाएगी|

मुख्यमंत्री ने कहा कि जातिवाद के नाम पर परिवारवाद को बढ़ावा देने वाले आमजन को विकास कार्यों से वंचित रखते थे| हमने जाति-परिवार, क्षेत्र और भाषा के नाम पर सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न करने का पाप नहीं किया| विजयादशमी के दौरान शांतिपूर्वक सभी कार्यक्रम हुए| 2017 से पहले पर्व-त्योहारों पर आशंका के बादल मंडराते थे| उन्होंने आगे कहा- इस साल की दीपावली काफी शुभ होगी| दीपावली के दिन हर घर, देवस्थल पर दीपोत्सव से जुड़ेंगे| दीपोत्सव का कार्यक्रम तब तक चलना चाहिए, जब तक भगवान श्रीराम भव्य मंदिर में विराजमान न हो जाएं|

About Post Author