Andhra Pradesh Election 2024: आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर बड़ा अपडेट, CM रेड्डी ने इलेक्शन के समय का दिया संकेत

KNEWS DESK- आंध्र प्रदेश में 2024 में विधानसभा चुनाव होने हैं| राज्य के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी के अनुसार, आंध्र प्रदेश चुनाव का कार्यक्रम उम्मीद से थोड़ा पहले जारी किया जा सकता है|

शुक्रवार को आंध्र प्रदेश में हुई कैबिनेट बैठक में जगनमोहन रेड्डी ने यह संकेत देते हुए कहा, सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी चुनाव का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार है| उन्होंने अपने मंत्रियों को संबोधित करते हुए कहा- हम चुनाव के लिए तैयार हैं लेकिन फिर भी मंत्रियों को मैदानी स्तर पर कुशलता से काम करना चाहिए| उन्होंने कहा, चुनावों का कार्यक्रम पहले की तुलना में लगभग 20 दिन पहले जारी किया जा सकता है| जगन ने अपने कैबिनेट सहयोगियों से विपक्षी दलों और उनका समर्थन करने वाले मीडिया संगठनों से सावधान रहने को भी कहा| उन्होंने उनसे कहा कि वे येलो मीडिया में चल रहे झूठे अभियान को हल्के में न लें और इसका पुरजोर खंडन करें|

आपको बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी अपना अभियान शुरू कर चुकी है| सीएम जगन मोहन रेड्डी का लक्ष्य सभी 175 सीटों पर अपना कब्ज़ा करना है| अभी 175 सदस्यों वाली विधानसभा में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के 151 विधायक हैं| लक्ष्य हासिल करने के लिए जगन मोहन रेड्डी पदयात्रा भी कर रहे हैं|

कुछ दिन पहले इंटरनल सर्वे, सामाजिक साधिकार यात्रा, गडपा गडपाकु मन प्रभुत्वम और कई अन्य पब्लिक आउटरीच प्रोग्राम के आकलन के आधार पर पार्टी ने कुछ विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों का फेरबदल किया था| बताया जा रहा है कि ऐसे ही कई बदलाव संगठन में भी हो सकते हैं| इसके अलावा वाईएसआर कांग्रेस पार्टी तेलंगाना में आए नतीजे को ध्यान में रखते हुए सत्ता विरोधी लहर पर भी नजर रख रही है| पार्टी ने ऐसी करीब 20-30 सीटें चिह्नित की हैं, जहां सत्ता विरोधी लहर दिखाई दे रही है और पार्टी के सिटिंग एमएलए हार सकते हैं| ऐसे में पार्टी इनके टिकट काटने में भी जुटी हुई है|

About Post Author