कोटा में आवारा कुत्ते का आतंक, गली में खेल रही बच्ची पर किया हमला

सिर, पीठ और कलाई पर गहरे घाव; लोगों ने समय रहते पहुंचकर बचाई मासूम की जान

Knews Desk- राजस्थान के कोटा में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। छावनी इलाके में एक आवारा कुत्ते ने गली में खेल रही मासूम बच्ची पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची को सड़क पर गिराकर बुरी तरह नोच डाला। इस हमले में बच्ची के सिर, पीठ और कलाई पर गंभीर चोटें आई हैं।

घटना स्वामी विवेकानंद स्कूल के पीछे की बताई जा रही है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि नमरा नाम की बच्ची गली में अकेले खेल रही थी। इसी दौरान एक कुत्ता अचानक उस पर झपटा और उसे सड़क पर पटक दिया। कुत्ता बच्ची को घसीटते हुए लगातार काटता रहा। बच्ची मदद के लिए चीखती रही।

बच्ची की चीख-पुकार सुनकर एक महिला समेत आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए कुत्ते को वहां से भगाया और घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद डॉक्टरों ने बच्ची को घर भेज दिया, लेकिन हमले में लगी चोटों को देखते हुए उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

पहले भी कर्मचारी पर कर चुका है हमला

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसी इलाके में इससे पहले एक सफाई कर्मचारी भी आवारा कुत्ते के हमले का शिकार हो चुका है। कुत्ते ने खेमराज के पैर को बुरी तरह काटकर घायल कर दिया था। सहकर्मियों के मौके पर पहुंचने के बाद कुत्ता वहां से भाग गया था।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बावजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से आवारा कुत्तों को लेकर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों में बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *