नई टीम, नया टारगेट: 2027 चुनावों के लिए BJP की बड़ी रणनीति, Gen-Z पर खास फोकस

दिल्ली में BJP की दो दिवसीय संगठनात्मक बैठक में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति पर मंथन हुआ। पार्टी ने युवाओं, खासकर Gen-Z तक अपनी बात पहुंचाने के लिए विशेष टीम बनाने और कैंपस में नेताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया।

Knews Desk- भारतीय जनता पार्टी ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर अपनी रणनीति तेज कर दी है। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में चल रही दो दिवसीय संगठनात्मक समीक्षा बैठक के दूसरे दिन चुनावी तैयारियों और संगठन को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रभारी शामिल हुए। इस दौरान खासतौर पर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब सहित 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों वाले राज्यों को लेकर पार्टी की तैयारियों की समीक्षा की गई।

सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने पर जोर

बैठक में पार्टी नेताओं के सामने सबसे अहम मुद्दा सरकार के काम और उपलब्धियों को जनता के बीच प्रभावी तरीके से पहुंचाने का रहा। बीजेपी ने माना कि सरकार के पास लोगों को बताने के लिए कई योजनाएं और उपलब्धियां हैं, लेकिन उन्हें सही तरीके से जनता तक पहुंचाना संगठन के लिए बड़ी चुनौती है।

पार्टी ने संगठन के सदस्यों से जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर लोगों से संवाद बढ़ाने और सरकार के कामकाज की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

Gen-Z को जोड़ने के लिए बनेगी खास टीम

बैठक में युवा मतदाताओं, खासकर Gen-Z तक पहुंच बनाने को लेकर भी चर्चा हुई। बीजेपी की योजना विश्वविद्यालयों और कॉलेज कैंपस में नेताओं की मौजूदगी बढ़ाने की है। नेता युवाओं से संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और यह समझने की कोशिश करेंगे कि युवा सरकार की योजनाओं और नीतियों को किस नजरिए से देखते हैं।

Gen-Z के साथ सीधे संवाद के लिए एक विशेष टीम गठित करने पर भी विचार हुआ। इस टीम के कामकाज के लिए वरिष्ठ नेताओं को मार्गदर्शन की जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसमें स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े जैसे नेताओं की भूमिका पर भी चर्चा हुई।

नई संगठनात्मक टीम में 51 नए चेहरे

शनिवार को हुई बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आम लोगों से सीधा संपर्क बढ़ाने का संदेश दिया था। दूसरे दिन की बैठक में इसी दिशा में आगे की रणनीति पर मंथन किया गया।

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में कुल 65 सदस्य हैं, जिनमें 51 नए चेहरों को जगह दी गई है। पार्टी का कहना है कि नई टीम में अनुभव के साथ युवा और महिला नेतृत्व का संतुलन रखा गया है। अब संगठन इस नई ऊर्जा को चुनावी तैयारियों में प्रभावी तरीके से इस्तेमाल करने की रणनीति बना रहा है।

2027 के चुनावों पर BJP का फोकस

बैठक में 2027 में होने वाले सात राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब जैसे राज्यों पर पार्टी का विशेष ध्यान है। इन राज्यों में आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई।

स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

बैठक के बाद स्मृति ईरानी ने महिला आरक्षण और हिंदू धर्म से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों का समर्थन करने की अपील की।

उन्होंने हिंदू धर्म और वंदे मातरम् को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए। स्मृति ईरानी ने कहा कि भारतीय परंपरा में महिलाओं और देवी स्वरूपों का विशेष सम्मान है। उन्होंने वंदे मातरम् की उन पंक्तियों के पूरे गायन की भी मांग की, जिनमें मां दुर्गा का उल्लेख है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *