डिजिटल डेस्क- राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान उस वक्त भारी हंगामा और अफरा-तफरी मच गई, जब ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके पर कुछ युवकों ने ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसा दिए। यह सनसनीखेज वाकया उस समय हुआ, जब प्रदर्शन के दौरान उत्साहित समर्थकों ने दीपके को अपने कंधे पर उठा रखा था। अचानक हुई इस मारपीट से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के तत्काल बाद दो युवकों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। इस औचक हमले के बावजूद अभिजीत दीपके ने मंच संभाला और प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि देश को धर्म और जाति के आधार पर विभाजित करने की कोशिश की जा रही है। दीपके ने युवाओं से एकजुट रहने का आह्वान किया और देश में चल रही विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
तेजिंदर बग्गा का तंज— ‘मैंने 25 दिन पहले ही कर दी थी भविष्यवाणी’
अभिजीत दीपके पर हुए इस हमले के बाद दिल्ली के बीजेपी नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल दिया है। बग्गा ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (ट्विटर) हैंडल पर एक पुरानी पोस्ट साझा करते हुए मामले को पूरी तरह से सियासी रंग दे दिया। बग्गा ने तंज कसते हुए लिखा, “मैंने तो इस बात की भविष्यवाणी 25 दिन पहले ही कर दी थी कि यह बंदा (अभिजीत दीपके) दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तरह सहानुभूति बटोरने के लिए खुद को थप्पड़ मरवाएगा।” गौरतलब है कि इस घटना से ठीक पहले दीपके ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर दावा किया था कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
“जिहादी मानसिकता है इसकी…”— आरोपी का बड़ा दावा
जयपुर पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों में से एक की पहचान राकेश गुर्जर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी राकेश गुर्जर ने खुद को कट्टर राष्ट्रवादी बताते हुए दीपके पर गंभीर आरोप लगाए। अभिजीत दीपके की सोच पूरी तरह जिहादी मानसिकता वाली है और वह राजस्थान के सीधे-साधे युवाओं को गुमराह कर रहा है। प्रदेश में चल रहा प्रश्नपत्र लीक (Paper Leak) का मुद्दा तो सिर्फ एक बहाना है, इसके पीछे का असली मकसद युवाओं को भड़काकर सूबे की शांति व्यवस्था को भंग करना है।”
राजस्थान पेपर लीक का गढ़ बना: सीजेपी प्रवक्ता
दूसरी तरफ, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने सत्तापक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि राजस्थान हाल के वर्षों में पेपर लीक की घटनाओं का प्रमुख केंद्र बन गया है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में है। रांका ने कहा, “जो राज्य देश को सबसे ज्यादा आईआईटी के छात्र और चार्टर्ड अकाउंटेंट देता था, आज वह सरकारी नाकामी के कारण शिक्षा व्यवस्था के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। इस प्रदर्शन में युवाओं की भारी भीड़ यह बताती है कि वे अपनी परीक्षाओं को लेकर कितने चिंतित हैं। ऐसी कायराना हरकतों से हमारी आवाज नहीं दबेगी और शिक्षा सुधार के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा।” फिलहाल जयपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि यह हमला प्रायोजित था या किसी व्यक्तिगत आक्रोश का नतीजा।