KNEWS DESK- भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अब अमेरिका की प्रतिष्ठित टी20 लीग मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में अपना दमखम दिखाते नजर आएंगे। अश्विन ने मेजर लीग क्रिकेट की फ्रेंचाइजी सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के साथ करार किया है, जिससे क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
अश्विन के इस करार की सबसे दिलचस्प बात यह है कि उन्हें उसी टीम में पाकिस्तान के तीन खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा। सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की टीम में पहले से ही पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ, स्पिनर अबरार अहमद और ऑलराउंडर हसन खान शामिल हैं। अब अश्विन भी इस टीम का हिस्सा बन गए हैं और सभी खिलाड़ी मिलकर खिताब जीतने की कोशिश करेंगे।
मेजर लीग क्रिकेट का नया सीजन 19 जून से शुरू होने जा रहा है। सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स अपना पहला मुकाबला 20 जून को लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलेगी। हालांकि, अश्विन टीम से कब जुड़ेंगे, इसे लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2024 सीजन में रहा था, जब टीम फाइनल तक पहुंची थी और उपविजेता बनी थी। इस बार टीम खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
अश्विन का अनुभव और उनकी स्पिन गेंदबाजी टीम के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकती है। वहीं भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों का एक ही फ्रेंचाइजी के लिए खेलना भी क्रिकेट प्रशंसकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
अब देखना दिलचस्प होगा कि मेजर लीग क्रिकेट में अश्विन का प्रदर्शन कैसा रहता है और क्या वह अपनी नई टीम को पहली बार चैंपियन बनाने में सफल हो पाते हैं।