डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश की चर्चित पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्य और उनके पति आलोक मौर्य का विवाद एक बार फिर हिंसक मोड़ लेता नजर आ रहा है। प्रयागराज से आई एक चौंकाने वाली खबर के मुताबिक, आलोक मौर्य ने दावा किया है कि रात के अंधेरे में कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और आलोक ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है। आलोक मौर्य ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि यह घटना उस समय हुई जब वे रात का खाना खाने के बाद अपने आवास के पीछे टहल रहे थे। आलोक के अनुसार, “कल रात करीब 10:30 बजे मैं अपने दोस्त से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था, तभी अचानक तीन अज्ञात लोग पीछे से आए और मुझ पर हमला कर दिया। हमलावरों की नीयत मुझे जान से मारने की थी। छीना-झपटी के दौरान मेरा मोबाइल नीचे गिर गया, जिसे देख आसपास के लोग शोर मचाने लगे और भीड़ इकट्ठा होते देख हमलावर वहां से फरार हो गए।”
सोशल मीडिया और ‘हथियार’ बना मोबाइल
आलोक मौर्य ने इस हमले के पीछे एक दिलचस्प अंदेशा जताया है। उनका मानना है कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता कुछ लोगों की आंखों में खटक रही है। उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया पर मुझसे करीब 3.2 करोड़ (32 मिलियन) लोग जुड़ चुके हैं। मेरा मोबाइल ही मेरा सबसे बड़ा हथियार है, जिसके जरिए मैं अपनी बात रखता हूं। शायद हमलावर मेरा फोन तोड़ना चाहते थे या मुझे रास्ते से हटाना चाहते थे। मुझे शक है कि किसी ने 5-10 हजार रुपये देकर भाड़े के गुंडे भेजे होंगे।”
यूपी पुलिस पर जताया भरोसा
घटना के तुरंत बाद आलोक ने 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आलोक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा, “महाराज जी की पुलिस ने तुरंत तत्परता दिखाई। मुझे पूरा विश्वास है कि यूपी पुलिस अगले 24 घंटे में हमलावरों को ट्रैक कर लेगी। मैंने मांग की है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं ताकि साजिशकर्ताओं का असली चेहरा सामने आ सके।”
पुराना विवाद और वर्तमान स्थिति
बता दें कि ADM ज्योति मौर्य और आलोक मौर्य का रिश्ता देश भर में चर्चा का विषय बना था जब आलोक ने अपनी पत्नी पर बेवफाई और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए थे। वहीं, ज्योति मौर्य ने आलोक पर धोखाधड़ी से शादी करने (सफाई कर्मचारी होने की बात छुपाने) का आरोप लगाया था। हाल ही में दोनों के बीच समझौते की अटकलें तेज हुई थीं, लेकिन ज्योति मौर्य ने इन्हें सिरे से खारिज कर दिया था। अब इस ताजा हमले ने इस हाई-प्रोफाइल विवाद में एक नया और खतरनाक अध्याय जोड़ दिया है।