कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के पक्ष में रही… महिला आरक्षण पर प्रेस कांफ्रेस कर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सरकार को घेरा

डिजिटल डेस्क- लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर महिला सम्मान के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री महिला आरक्षण और महिला सशक्तिकरण को लेकर “सिर्फ झूठ बोल रहे हैं” और वास्तविकता में महिलाओं के अधिकारों के प्रति गंभीर नहीं हैं। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं के सम्मान और उनके सशक्तिकरण के लिए काम किया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के शासनकाल में महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से आगे बढ़ाने के कई ठोस कदम उठाए गए। इसके उलट, उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर महिलाओं को “भ्रमित और इस्तेमाल” करने का आरोप लगाया।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भाजपा को दी चुनौती

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अजय राय ने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा कि पार्टी यह बताए कि उसने किसी महिला को उपमुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री या राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे शीर्ष पदों पर कितना प्रतिनिधित्व दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ महिला मुद्दों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करती है, जबकि वास्तविक सशक्तिकरण के लिए ठोस प्रयास नहीं करती। ‘नारी न्याय’ योजना का जिक्र करते हुए अजय राय ने कहा कि कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान महिलाओं के लिए स्पष्ट रोडमैप पेश किया था, जिसमें 2029 तक बड़े स्तर पर महिला अधिकारों को लागू करने की दिशा में काम करने की बात कही गई थी। उन्होंने इसे कांग्रेस की प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।

जो व्यक्ति अपनी पत्नी को सम्मान नहीं दे पाया वो महिलाओं के सम्मान की बातें कैसे कर सकता है- अजय राय

प्रधानमंत्री पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए अजय राय ने कहा कि जो व्यक्ति अपनी पत्नी को उचित स्थान नहीं दे पाया, वह महिलाओं के सम्मान की बात कैसे कर सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2007 से लेकर कई चुनावों तक प्रधानमंत्री ने अपने शपथ पत्र में पत्नी का उल्लेख नहीं किया था। 2014 में वाराणसी चुनाव के दौरान उनकी पत्नी जशोदाबेन का जिक्र सामने आया, जिसके बाद इस मुद्दे पर चर्चा हुई। अजय राय ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री की मां के निधन के समय उनकी पत्नी अंतिम दर्शन करना चाहती थीं, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने इस मामले को महिला सम्मान से जोड़ते हुए कहा कि यह एक संवेदनशील मुद्दा है, जिस पर जवाब दिया जाना चाहिए।

सीएम योगी के बयान पर भी उठाये सवाल

इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बयान पर भी सवाल उठाए और कहा कि महिलाओं के सम्मान पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। अजय राय ने मांग की कि प्रधानमंत्री की पत्नी को आधिकारिक रूप से उनका अधिकार और सम्मान दिया जाए। कांग्रेस नेता ने दोहराया कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के लिए सबसे ज्यादा काम कांग्रेस ने किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी आने वाले समय में भी महिला सशक्तिकरण को अपनी प्राथमिकता बनाए रखेगी और इस मुद्दे को जनता के बीच मजबूती से उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *