कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ करीब आठ साल पुराने मानहानि मामले में आज सुल्तानपुर की MP-MLA कोर्ट फैसला सुनाएगी। राहुल गांधी सोमवार सुबह 11 बजे दीवानी न्यायालय में पेश होंगे। यह मामला कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को लेकर दिए गए बयान से जुड़ा है।
Knews Desk– राहुल गांधी इस मामले में जमानत पर हैं और कोर्ट में अपना बयान दर्ज करा चुके हैं। शिकायत बीजेपी नेता विजय मिश्रा ने दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि राहुल गांधी के बयान से अमित शाह की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। इसके बाद अदालत ने शिकायत स्वीकार करते हुए मामले में सुनवाई शुरू की थी।
शिकायत के अनुसार, राहुल गांधी ने कहा था कि बीजेपी ईमानदार और साफ-सुथरी राजनीति का दावा करती है, लेकिन पार्टी की कमान ऐसे अध्यक्ष के हाथों में है, जो हत्या के एक मामले में आरोपी हैं। यह टिप्पणी 2005 के सोहराबुद्दीन शेख फर्जी एनकाउंटर मामले के संदर्भ में की गई थी। हालांकि, 2014 में मुंबई की विशेष CBI अदालत ने इस मामले में अमित शाह को आरोपमुक्त कर दिया था।
इस मामले में पिछले साल दिसंबर में राहुल गांधी के व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश नहीं होने पर वारंट जारी किया गया था। इसके बाद 20 फरवरी 2024 को राहुल गांधी अदालत में पेश हुए और आत्मसमर्पण किया। अदालत ने 25-25 हजार रुपये की दो जमानतें जमा करने के बाद उन्हें जमानत दे दी थी। अब इस पुराने मामले में अदालत आज फैसला सुनाएगी।