Knews Desk- पंजाब सरकार ने रक्षा बंधन के मौके पर महिलाओं को बड़ी सौगात देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि ‘मातृ-पुत्री सम्मान योजना’ के तहत हाल में पंजीकरण कराने वाली पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 28 अगस्त को मानदेय की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
सरकार के मुताबिक, अब तक इस योजना से 75 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ चुकी हैं। लाभार्थियों के खातों में अब तक 2,274.42 करोड़ रुपये की सहायता राशि भेजी जा चुकी है। वहीं, अगस्त महीने में करीब 7 लाख नई महिलाओं ने योजना के लिए पंजीकरण कराया है, जिन्हें भी 28 अगस्त को भुगतान किया जाएगा।
इस योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक उम्र की सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। वहीं, पात्र अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के लिए यह राशि 1,500 रुपये प्रति माह निर्धारित है।
पंजाब सरकार ने योजना के लिए चालू वित्त वर्ष में 9,300 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। सरकार का दावा है कि राज्य की करीब 97 प्रतिशत महिलाएं इस योजना के दायरे में आ सकती हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ मुफ्त बिजली, नहर के पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल से जुड़े अपने वादों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान पंजाब में 500 से अधिक नए खेल मैदानों का उद्घाटन भी किया गया। सरकार का कहना है कि इन खेल सुविधाओं के जरिए युवाओं को नशे से दूर रखने और पंजाब को खेलों के क्षेत्र में फिर से मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है।