डिजिटल डेस्क- भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण ने एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के शीर्ष जनप्रतिनिधि (मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री) के रूप में निर्वाचित होकर देश सेवा करने के 12 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी देशभर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि एक गरीब परिवार से निकलकर चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने देश को लगातार आगे बढ़ाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीएम मोदी ने 140 करोड़ लोगों के अटूट विश्वास और लोकतंत्र के माध्यम से यह मुकाम हासिल किया है, जबकि कांग्रेस के पास आज कोई मुद्दा नहीं बचा है।
सरदार पटेल की जगह नेहरू का पीएम बनना ही थी देश की पहली ‘सीट चोरी’
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और विपक्ष द्वारा बीजेपी पर लगाए जा रहे ‘सीट चोरी’ के आरोपों पर डॉ. के. लक्ष्मण ने कड़ा पलटवार किया। उन्होंने ऐतिहासिक तथ्यों का हवाला देते हुए कहा कि आजादी के बाद देश की पहली ‘सीट चोरी’ खुद कांग्रेस और जवाहरलाल नेहरू जी ने की थी। उन्होंने दावा किया कि आजादी के समय देश के सभी लोग और कांग्रेस की समितियां लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को देश का पहला प्रधानमंत्री बनाना चाहती थीं, लेकिन इसके बावजूद नेहरू जी प्रधानमंत्री की कुर्सी पर काबिज हो गए। डॉ. लक्ष्मण ने सवाल उठाया कि जब जनता और बहुमत पटेल जी के साथ था, तो नेहरू जी कैसे प्रधानमंत्री बन गए, यही तो असली सीट चोरी थी।
बिना छुट्टी लिए देश सेवा में जुटे पीएम मोदी, 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर
बीजेपी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष ने पीएम मोदी के बेदाग और समर्पित कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके शासनकाल में सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है। पीएम मोदी ने अपने पूरे कार्यकाल में एक भी दिन की छुट्टी नहीं ली और अपनी पूज्य माता जी के निधन के तुरंत बाद भी वे देश सेवा के कामकाज को संभालने के लिए वापस लौट आए थे। डॉ. लक्ष्मण ने विकास के आंकड़े पेश करते हुए कहा कि पीएम मोदी की कल्याणकारी नीतियों के कारण देश के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं। डिजिटल क्रांति के जरिए भ्रष्टाचार पर लगाम कसी गई है और डीबीटी के माध्यम से 4.29 लाख करोड़ रुपये गलत हाथों में जाने से बचाए गए हैं। आज देश पूरी तरह सुरक्षित हाथों में है और नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है।
जनधन खातों से लेकर उज्ज्वला और किसान सम्मान निधि तक, महिलाओं को मिला सबसे ज्यादा लाभ
डॉ. के. लक्ष्मण ने सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं का ब्योरा देते हुए कहा कि देश में 50 करोड़ से ज्यादा नए बैंक खाते खुले हैं, जिनमें से अकेले 32 करोड़ खाते महिलाओं के हैं। सरकार का मुख्य फोकस युवाओं को रोजगार मांगने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बनाने पर है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना से देश के 60 करोड़ से अधिक लोगों को सीधा फायदा मिल रहा है। इसके साथ ही गरीबों को पक्के मकान, 11 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन, हर घर नल से स्वच्छ जल और 12 करोड़ महिलाओं को शौचालय की सुविधा दी गई है। मुद्रा योजना से 57 करोड़ लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिले हैं, जबकि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 4.20 लाख करोड़ रुपये सीधे अन्नदाताओं के खातों में भेजे गए हैं। सुकन्या समृद्धि योजना में भी 4.5 करोड़ से ज्यादा खाते खोले गए हैं और इन सभी योजनाओं का सबसे बड़ा लाभ देश की आधी आबादी यानी महिलाओं को मिला है।
इंफ्रास्ट्रक्चर में ऐतिहासिक क्रांति और सिक्किम को पहली रेलवे टनल की सौगात
देश के बुनियादी ढांचे के विकास पर बात करते हुए डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि यह सिर्फ आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि धरातल पर बदलता ‘आत्मनिर्भर भारत’ है। पिछले वर्षों में देश के भीतर 90 हजार किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों (National Highways) का निर्माण किया गया है। देश के दुर्गम और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी विकास की मुख्यधारा पहुंच रही है, जिसका सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि आजादी के बाद पहली बार सिक्किम में रेलवे टनल का निर्माण हुआ है। इसके अलावा देश में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए एयरपोर्ट्स की संख्या को 74 से बढ़ाकर 164 कर दिया गया है। उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक विकास के बावजूद कांग्रेस के नेता बार-बार पीएम मोदी की जाति और उनके खानपान पर ओछे सवाल उठा रहे हैं।
‘योगी मॉडल’ की गूंज पूरे देश में, अखिलेश ने पिछड़ों के लिए आखिर क्या किया?
उत्तर प्रदेश के विकास का विशेष उल्लेख करते हुए डॉ. के. लक्ष्मण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू राज्य’ की श्रेणी से पूरी तरह बाहर निकल चुका है और सीएम योगी ने ‘नए भारत का नया उत्तर प्रदेश’ बनाने का काम किया है। यही कारण है कि आज पूरे देश में विकास और कानून व्यवस्था के लिए ‘योगी मॉडल’ की बात की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूपी में गरीब कल्याण की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाता और बीजेपी सिर्फ ‘सबका साथ, सबका विकास’ का नारा नहीं देती बल्कि उस पर काम करती है। अंत में समाजवादी पार्टी के मुखिया पर निशाना साधते हुए उन्होंने सीधा सवाल दागा कि “अखिलेश यादव बताएं कि उन्होंने अपने कार्यकाल में पिछड़ों और वंचितों के हक के लिए आखिर क्या किया?”