Pappu Yadav Attack: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जूता फेंकने के आरोपियों का बुलंदशहर में जोरदार स्वागत किया गया। गांव पहुंचने पर दोनों को फूल-मालाएं पहनाई गईं और खुली जीप में रोड शो निकाला गया।
Knews Desk- सांसद पप्पू यादव पर कथित तौर पर हमला करने के मामले में आरोपी हैप्पी शर्मा और सुमित गिरि को लेकर अब नया विवाद खड़ा हो गया है। दोनों आरोपियों के गांव पहुंचने पर समर्थकों ने उनका ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद रहे और दोनों को फूल-मालाएं पहनाई गईं।
बताया जा रहा है कि हैप्पी शर्मा और सुमित गिरि बुलंदशहर के नैथला हसनपुर गांव पहुंचे थे। गांव पहुंचते ही उनके स्वागत में जश्न का माहौल देखने को मिला। दोनों को खुली जीप में बैठाकर रोड शो निकाला गया। इस दौरान डीजे भी बजाया गया और काफी संख्या में ग्रामीण उनके साथ दिखाई दिए।
पप्पू यादव पर जूता फेंके जाने की घटना के बाद हैप्पी शर्मा और सुमित गिरि पहली बार अपने गांव पहुंचे थे। इसी मौके पर स्थानीय लोगों की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया गया। फूल-मालाओं के साथ स्वागत और रोड शो का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पप्पू यादव ने संसद परिसर में राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मुद्दे को लेकर एक नुक्कड़ नाटक किया था। इस दौरान उन्होंने साधु का वेश धारण किया था और भगवा वस्त्र पहने थे। पप्पू यादव के इस प्रदर्शन पर कई हिंदूवादी संगठनों और साधु-संतों ने आपत्ति जताई थी। उन पर सनातन धर्म और साधु-संतों का अपमान करने के आरोप भी लगाए गए थे। इसके कुछ समय बाद पप्पू यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसी दौरान उन पर जूता फेंका गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने सुमित गिरि को पकड़ लिया था, जबकि हैप्पी शर्मा वहां से निकल गया था।
घटना के बाद पप्पू यादव के मीडिया सलाहकार की शिकायत पर दिल्ली में दोनों आरोपियों के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पप्पू यादव ने आरोप लगाया था कि उन पर हमला पहले से प्लान किया गया था और उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई।
पप्पू यादव ने पुलिस को मौके से एक चाकू भी सौंपे जाने की बात सामने आई थी। मामले की जांच के दौरान आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की।
आरोपी ने हमले के आरोपों को नकारा
वहीं, आरोपी हैप्पी शर्मा ने पप्पू यादव के आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना था कि उसके पास कोई हथियार नहीं था और वह बिना हथियार के वहां पहुंचा था। हैप्पी के मुताबिक, सुरक्षा जांच के बाद ही उसे कार्यक्रम स्थल के अंदर जाने दिया गया था।
उसने दावा किया था कि वह पप्पू यादव से कुछ सवाल पूछने के लिए वहां गया था और उसका उद्देश्य केवल सांसद से सवाल करना था। अब गांव में दोनों आरोपियों के स्वागत और रोड शो को लेकर मामला एक बार फिर सुर्खियों में है।