‘हर चौपाल और नुक्कड़ बनेगा जंतर-मंतर’, डिंपल यादव ने केंद्र सरकार को घेरा

जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने पर सपा सांसद डिंपल यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन की जगह बदलने से जनता की आवाज और जन-जागरण को नहीं रोका जा सकता। लोकतंत्र की रक्षा और आम लोगों के अधिकारों के लिए अब हर चौपाल, हर नुक्कड़ और हर सड़क आंदोलन का केंद्र बनेगी।

Knews Desk– समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने के फैसले पर केंद्र सरकार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि किसी स्थान से प्रदर्शन की अनुमति या उसका दर्जा छीन लेने से आम नागरिकों की न्याय की मांग खत्म नहीं होगी। सरकार अगर यह सोचती है कि प्रदर्शन स्थल को बदलकर लोगों की आवाज दबाई जा सकती है, तो यह उसकी बड़ी भूल है।

डिंपल यादव ने अपने बयान में कहा, ‘जगह बदलने से जन-जागरण नहीं रोक पाओगे। जंतर-मंतर से गृह मंत्रालय ने प्रदर्शन स्थल का दर्जा छीन लिया है। सरकार को अगर ये लग रहा है कि किसी जगह को बंद कर देने से वो आम आदमी की न्याय की आवाज दबा देगी, तो ये सरकार की सबसे बड़ी भूल है।’

‘हर मुद्दे पर उठेगी आवाज’

सपा सांसद ने वोट चोरी, चंदा चोरी, पेपर लीक, महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि इनके खिलाफ आवाज उठाना लोकतंत्र की रक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की आवाज किसी एक स्थान तक सीमित नहीं होती और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए संघर्ष हर जगह जारी रह सकता है।

डिंपल यादव ने अपनी बात को काव्यात्मक अंदाज में रखते हुए कहा कि हर चौपाल, हर नुक्कड़, हर पगडंडी, हर सड़क, हर गांव और हर घर अब जंतर-मंतर है। उन्होंने लोकतंत्र बचाने के लिए आगे आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को इस आंदोलन का हिस्सा बताते हुए कहा, ‘सिंहासन खाली करो कि जनता आती है।’

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन स्थलों को लेकर क्या है मामला?

डिंपल यादव की यह प्रतिक्रिया दिल्ली पुलिस की ओर से जंतर-मंतर को प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों की सूची से हटाए जाने के फैसले के बाद सामने आई है। खबर के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के लिए तीन नए स्थान निर्धारित किए हैं। इनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी ग्राउंड शामिल हैं।

इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से अब भी फर्जी वोट बनवाए जा रहे हैं। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि यदि कोई भारतीय जनता पार्टी का सदस्य है, तो चुनाव आयोग उसका वोट बना देगा और उसे भारत का नागरिक मान लिया जाएगा।

जंतर-मंतर को लेकर डिंपल यादव के बयान और चुनाव आयोग पर अखिलेश यादव के आरोपों के बीच समाजवादी पार्टी ने लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार तथा संबंधित संस्थाओं को निशाने पर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *