मुंबई में रविवार सुबह तेज रफ्तार BMW कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से करीब 300 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 वर्षीय एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
Knews Desk– मुंबई में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रही तेज रफ्तार BMW कार अचानक अनियंत्रित हो गई और फ्लाईओवर से करीब 300 फीट नीचे जा गिरी। हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। कार में चार लोग सवार थे, जिनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल नायर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल युवक को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक BMW की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक बताई जा रही है। फ्लाईओवर पर कार को नियंत्रित करने की कोशिश की गई, लेकिन तेज गति के कारण स्थिति काबू से बाहर हो गई। बताया जा रहा है कि कार ने फ्लाईओवर पर कई जगहों पर टक्कर मारी।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हादसे से पहले कार करीब पांच अलग-अलग स्थानों पर टकराई। दूसरी टक्कर में सड़क किनारे लगा दिशासूचक लोहे का खंभा उखड़ गया। तीसरे स्थान पर कार की टक्कर से सीमेंट का पिलर क्षतिग्रस्त हुआ, जबकि चौथे स्थान पर डिवाइडर मुड़ गया। इसके बाद कार का नियंत्रण पूरी तरह खो गया और वह फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार के फ्लाईओवर से नीचे गिरने की घटना कैद बताई जा रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा किस वजह से हुआ।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शानय गज्जल, उम्र 21 वर्ष, धीर्या सेठ, उम्र 17 वर्ष और 25 वर्षीय एक अज्ञात युवक के रूप में हुई है। वहीं, करीब 20 वर्षीय एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका नायर अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। तेज रफ्तार, वाहन पर नियंत्रण खोने और फ्लाईओवर पर हुई टक्करों समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।