Knews Desk- महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भारी बारिश के बाद एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। पनवेल इलाके में स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के पातालगंगा LPG बॉटलिंग प्लांट में बाढ़ का पानी भरने से करीब 3,000 गैस सिलेंडर बहकर पातालगंगा नदी में पहुंच गए। घटना के बाद सिलेंडरों के नदी में बहने के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
मॉनसून की भारी बारिश के कारण रायगढ़ समेत महाराष्ट्र के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसी दौरान पनवेल तालुका के चावणे स्थित HPCL प्लांट परिसर में पानी का स्तर अचानक बढ़ गया। तेज बहाव के कारण प्लांट में रखे हजारों LPG सिलेंडर अपनी जगह से खिसककर नदी में बह गए। वीडियो में देखा जा सकता है कि पातालगंगा नदी के तेज बहाव में बड़ी संख्या में लाल रंग के गैस सिलेंडर तैरते हुए आगे बढ़ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इस घटना को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड किया, जिसके बाद ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो सामने आने के बाद आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नदी में बहे सिलेंडरों में कुछ भरे हुए हो सकते हैं, जबकि कुछ खाली हो सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल यह पता लगाना जरूरी है कि कौन से सिलेंडर सुरक्षित हैं और कौन से नहीं। ऐसे में किसी भी सिलेंडर को छूना या उठाने की कोशिश करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ के जिलाधिकारी किशन जावले ने लोगों के लिए चेतावनी जारी की है। उन्होंने नदी किनारे रहने वाले नागरिकों से अपील की है कि वे पानी में बहकर आए किसी भी LPG सिलेंडर के पास न जाएं और उन्हें घर ले जाने या इस्तेमाल करने की कोशिश बिल्कुल न करें।
प्रशासन ने कहा है कि लीक या क्षतिग्रस्त सिलेंडर जानलेवा हो सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति को नदी या आसपास के इलाके में कोई सिलेंडर दिखाई देता है, तो वह उससे दूरी बनाए रखे और तुरंत पुलिस या प्रशासन को इसकी सूचना दे। फिलहाल राहत और बचाव एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन की टीमें नदी से सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए काम कर रही हैं। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की है।