डिजिटल डेस्क- महाराष्ट्र के पुणे में हुए केतन हत्याकांड ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। केतन की मंगेतर सिया गोयल ने अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ मिलकर जिस बेरहमी से इस मर्डर को अंजाम दिया, उसकी परतें खुलकर अब सामने आ रही हैं। महज 20 साल की सिया गोयल कितनी शातिर थी, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस की तफ्तीश में दोनों के बीच पिछले 6 महीने (1 जनवरी से जून तक) में कुल 2004 बार फोन कॉल्स और 238 घंटे की बातचीत का रिकॉर्ड मिला है। इसी लंबी बातचीत के दौरान दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने का फुलप्रूफ प्लान तैयार किया था। पहाड़ों पर चढ़ने और माउंटेनियरिंग के शौकीन केतन को इस बात का जरा भी इल्म नहीं था कि जिस मंगेतर पर वह जान छिड़कता है, वही उसकी मौत की पटकथा लिख रही है। मुख्य वारदात से पहले 19 जून को सिया बहाने से केतन को लोहागढ़ किला लेकर गई और चोटी से उसे धक्का दे दिया। हालांकि, उस दिन किस्मत अच्छी होने के कारण केतन का हाथ एक झाड़ी में अटक गया और वह लटक गया। जब केतन ऊपर आया, तो शातिर सिया ने “साँप आ गया, साँप आ गया” का शोर मचाकर उसे गले लगा लिया। उसने केतन को यह भरोसा दिला दिया कि उसने उसे साँप से बचाने के लिए धक्का दिया था, जिससे उस पर कोई शक न हो।
जन्मदिन के जश्न के बहाने 400 फीट गहरी खाई में धकेला
पहली कोशिश नाकाम होने के बाद सिया ने अपने दूसरे बैकअप प्लान पर काम शुरू किया। 20 जून को अपने जन्मदिन का जश्न मनाने के बहाने वह केतन को दोबारा लोहागढ़ किला ले गई और अपने बॉयफ्रेंड चेतन को भी पहले से ही वहाँ बुला लिया। इस बार केतन की किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया। सिया ने मौका पाकर केतन को फिर से धक्का दिया, जिससे वह तकरीबन 400 फीट नीचे गहरी खाई में गिर गया और उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सिया की मां ने केतन के घरवालों को उसके खाई में गिरने की झूठी सूचना दी।
मृतक की बहन को हुआ शक और खुली पोल
वारदात के बाद सिया ने पुलिस और परिजनों के सामने घड़ियाली आंसू बहाकर खुद को बेकसूर दिखाने की पूरी एक्टिंग की। लेकिन केतन की मौत के बाद जब उसकी बहन ने सिया से बात की, तो सिया की कुछ संदिग्ध बातों से उसकी शक की सुई घूम गई। परिजनों की शिकायत पर जब पुलिस ने जांच शुरू की और सिया की कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाली, तब जाकर सुबह-शाम और रात में होने वाली इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ।
बॉयफ्रेंड की चालाकी और सीसीटीवी फुटेज ने पहुंचाया जेल
सिया का बॉयफ्रेंड चेतन भी बेहद चालाक था। मर्डर वाले दिन पुलिस को गुमराह करने के लिए वह अपना मोबाइल अपनी दुकान पर ही छोड़ गया था और अपने कर्मचारी का फोन लेकर निकला था। यही नहीं, भीषण गर्मी के बावजूद उसने अपना चेहरा छिपाने के लिए हुडी पहन रखी थी। लेकिन पुलिस की सूझबूझ और लोहागढ़ के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज ने उसकी सारी चालाकी धरी की धरी छोड़ दी, जिसमें वह साफ नजर आ रहा था। पुलिसिया पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। अब पुलिस क्राइम सीन री-क्रिएट करने और चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में जुट गई है।