KNEWS DESK- अगर आप सुबह के नाश्ते में कुछ टेस्टी और हेल्दी खाना चाहते हैं, तो सोया कीमा टोस्ट एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है और इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकता है। सोया प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है, इसलिए यह नाश्ता स्वाद के साथ पोषण भी देता है। आइए जानते हैं सोया कीमा टोस्ट बनाने की आसान विधि।

सुबह के समय अक्सर ऐसा नाश्ता बनाने का मन करता है जो जल्दी तैयार हो जाए और खाने में भी स्वादिष्ट लगे। रोज-रोज एक जैसा नाश्ता खाने से बोरियत भी होने लगती है। ऐसे में आप सोया कीमा टोस्ट को अपने ब्रेकफास्ट मेन्यू में शामिल कर सकते हैं। इसमें सोया चंक्स के साथ कई तरह की सब्जियों और सॉस का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बेहतर हो जाता है।
कैसे बनाएं सोया कीमा टोस्ट
सामग्री
सोया चंक्स – 1 कप
ब्रेड स्लाइसेस – 4 से 6
तेल या मक्खन – 2 चम्मच
लहसुन – 3 कलियां कटी हुई
प्याज – आधा कटा हुआ
स्वीट कॉर्न – 2 चम्मच
मटर, गाजर और शिमला मिर्च – आधा कप
टमाटर की चटनी – 2 चम्मच
चिली सॉस – 1 चम्मच
चिली फ्लेक्स – आधा चम्मच
मिक्स्ड हर्ब्स – आधा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
विधि
सोया कीमा टोस्ट बनाने के लिए सबसे पहले सोया चंक्स को गर्म पानी में करीब 5 मिनट तक पका लें। इसके बाद इन्हें पानी से निकालकर अच्छी तरह निचोड़ लें। अब सोया चंक्स को ब्लेंडर में डालकर दरदरा पीस लें।
अब एक पैन को गैस पर रखें और इसमें तेल या मक्खन डालें। इसमें कटा हुआ प्याज, लहसुन, गाजर, शिमला मिर्च, मटर और स्वीट कॉर्न डालकर करीब 2 मिनट तक भून लें।
सब्जियों के हल्का पकने के बाद इसमें तैयार किया हुआ सोया कीमा डालें। अब इसमें टमाटर की चटनी, चिली सॉस, चिली फ्लेक्स, मिक्स्ड हर्ब्स और नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। इसे कुछ देर तक पकाएं, ताकि मसाले और सॉस सोया कीमे में अच्छी तरह मिल जाएं।
अब ब्रेड स्लाइस लें और उन पर हल्का मक्खन लगाएं। पैन पर ब्रेड स्लाइस रखकर दोनों तरफ से सेंक लें। जब ब्रेड हल्की क्रिस्पी हो जाए तो इसे प्लेट में निकाल लें।
अब तैयार सोया कीमे को ब्रेड के ऊपर अच्छी तरह फैला दें। आपका स्वादिष्ट सोया कीमा टोस्ट तैयार है। इसे चाय या कॉफी के साथ नाश्ते में सर्व किया जा सकता है। चाहें तो ब्रेड को बीच से काटकर भी परोस सकते हैं।
सोया कीमे से बना सकते हैं स्वादिष्ट रोल
अगर आप सोया कीमे को किसी दूसरे तरीके से खाना चाहते हैं तो इससे रोल भी तैयार किया जा सकता है। इसके लिए तैयार किए गए सोया कीमे को तवे पर कटोरी के आकार में फैलाएं और इसके ऊपर एक रोटी रखकर हल्के हाथ से दबाएं।
इससे रोटी और तवे के बीच सोया कीमे की एक परत बन जाएगी। इसे एक तरफ से अच्छी तरह पकने दें। जब सोया कीमा अच्छी तरह सिक जाए तो रोटी को तवे से उतार लें।
अब रोटी के ऊपर अपनी पसंद की कच्ची सब्जियां सलाद की तरह डालें और इसे रोल कर लें। इस तरह आपका स्वादिष्ट सोया कीमा रोल भी तैयार हो जाएगा। इसे नाश्ते के अलावा लंच में भी खाया जा सकता है और टिफिन में पैक करके ले जाना भी आसान है।