लहसुन छीलने में नहीं होगी परेशानी! इन आसान ट्रिक्स से मिनटों में हो जाएगा काम

KNEWS DESK- भारतीय रसोई में लहसुन का इस्तेमाल खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर किया जाता है। दाल, सब्जी, चटनी से लेकर कई तरह की डिशेज में लहसुन का स्वाद अलग ही पहचान देता है। इसके अलावा लहसुन को सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि इसमें एलिसिन, विटामिन बी6, विटामिन सी, मैंगनीज, सेलेनियम और एंटीऑक्सीडेंट जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं।

हालांकि, लहसुन का इस्तेमाल करने से पहले सबसे मुश्किल काम होता है उसे छीलना। इसकी पतली और चिपकी हुई परत निकालने में काफी समय लग जाता है, खासकर जब ज्यादा मात्रा में लहसुन तैयार करना हो। अगर आपको भी लहसुन छीलना झंझट लगता है, तो कुछ आसान घरेलू तरीके आपका काम काफी आसान बना सकते हैं।

लहसुन छीलने का सबसे आसान तरीका है कि उसकी कलियों को एक स्टील के बाउल में डालें और ऊपर से दूसरा बाउल रखकर कुछ सेकंड तक जोर से हिलाएं। इससे लहसुन की बाहरी परत ढीली हो जाती है और कई कलियों का छिलका अपने आप निकल जाता है।

अगर आपको ज्यादा मात्रा में लहसुन छीलना है, तो कलियों को करीब 5 से 10 मिनट तक गुनगुने पानी में भिगोकर रखें। इसके बाद छिलका आसानी से उतर जाएगा। इस तरीके से हाथों पर ज्यादा जोर भी नहीं लगाना पड़ता।

लहसुन की कली को चाकू के सपाट हिस्से से हल्का दबाने पर उसकी परत ढीली हो जाती है। इसके बाद छिलका आसानी से हटाया जा सकता है। हालांकि, चाकू का इस्तेमाल करते समय सावधानी जरूर रखें।

अगर जल्दी है तो लहसुन की कलियों को माइक्रोवेव में 10 से 15 सेकंड तक हल्का गर्म किया जा सकता है। इससे छिलका ढीला हो जाता है और उसे निकालना आसान हो जाता है। ध्यान रखें कि लहसुन को ज्यादा देर तक गर्म न करें, वरना उसका स्वाद और बनावट बदल सकती है।

लहसुन छीलते समय इन बातों का रखें ध्यान

लहसुन छीलने के लिए हमेशा ताजी और अच्छी गुणवत्ता वाली कलियों का इस्तेमाल करें। ज्यादा नरम या खराब लहसुन जल्दी टूट सकता है। अगर पानी में भिगोकर छील रहे हैं तो इसे ज्यादा देर तक न छोड़ें, क्योंकि इससे स्वाद प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा जरूरत के हिसाब से ही लहसुन छीलें। लंबे समय तक रखा हुआ छिला लहसुन अपनी ताजगी और खुशबू खो सकता है।

अगर आपने पहले से लहसुन छील लिया है तो उसे एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रिज में स्टोर कर सकते हैं। वहीं, बिना छीले लहसुन को ठंडी, सूखी और हवादार जगह पर रखना बेहतर होता है। लहसुन को प्लास्टिक की बंद थैली में रखने से बचें, क्योंकि नमी के कारण यह जल्दी खराब हो सकता है। इसे जालीदार टोकरी, पेपर बैग या खुले बर्तन में रखने से ज्यादा समय तक ताजा रखा जा सकता है। इन आसान तरीकों की मदद से लहसुन छीलने का काम न सिर्फ तेज हो जाएगा, बल्कि रसोई का समय भी बचाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *