घर पर बनाएं बाजार जैसा सॉफ्ट और स्पंजी ढोकला, आसान है पूरी रेसिपी

KNEWS DESK- शाम की चाय के साथ अगर कुछ हल्का, स्वादिष्ट और चटपटा खाने का मन हो तो ढोकला एक बढ़िया विकल्प है। गुजरात की यह मशहूर डिश अपने खट्टे-मीठे स्वाद और मुलायम बनावट के लिए पसंद की जाती है। अगर आपको लगता है कि घर पर ढोकला बनाना मुश्किल है, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। कुछ आसान स्टेप्स को फॉलो करके आप घर पर ही सॉफ्ट और स्पंजी ढोकला तैयार कर सकते हैं।

घर पर बनाएं बाजार जैसा सॉफ्ट और स्पंजी गुजराती ढोकला, बहुत ही सिंपल है  रेसिपी - soft and spongy dhokla to make at home check details here

बाजार से ढोकला खरीदने के बजाय इसे घर पर बनाना भी काफी आसान है। इसके लिए आपको बेसन, सूजी, दही और कुछ सामान्य मसालों की जरूरत होगी। वहीं, स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से राई, करी पत्ता और हरी मिर्च का तड़का लगाया जाता है। तो आइए जानते हैं घर पर ढोकला बनाने की आसान रेसिपी

ढोकला बनाने के लिए सामग्री

बैटर के लिए

  • 1.5 कप बेसन
  • 1 बड़ा चम्मच सूजी
  • 1/2 कप दही
  • 1 छोटा चम्मच अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट
  • 1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
  • 1 छोटा चम्मच चीनी
  • स्वादानुसार नमक
  • 1 छोटा चम्मच ईनो या बेकिंग सोडा
  • 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
  • जरूरत के अनुसार पानी

तड़के के लिए

  • 1-2 चम्मच तेल
  • 1 छोटा चम्मच राई
  • 8-10 करी पत्ते
  • 3-4 हरी मिर्च
  • 1 छोटा चम्मच चीनी
  • लगभग 1/2 कप पानी
  • बारीक कटा हरा धनिया

सबसे पहले तैयार करें ढोकले का बैटर

एक बड़े बर्तन में बेसन, सूजी, दही, नमक, चीनी, हल्दी और अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए चिकना बैटर तैयार करें। ध्यान रखें कि बैटर बहुत ज्यादा गाढ़ा या पतला न हो। बैटर को करीब 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें। इससे सूजी और बेसन अच्छी तरह सेट हो जाएंगे और ढोकले की बनावट बेहतर आएगी।

ऐसे पकाएं ढोकला

अब एक बड़े बर्तन या स्टीमर में 2 से 3 कप पानी डालकर गर्म करें। जिस ट्रे या टिन में ढोकला बनाना है, उसे थोड़ा तेल लगाकर चिकना कर लें।

जब पानी अच्छी तरह उबलने लगे, तब बैटर में नींबू का रस और ईनो डालें। इसके ऊपर एक चम्मच पानी डालकर तुरंत बैटर को एक ही दिशा में अच्छी तरह फेंटें। ईनो डालने के बाद बैटर को ज्यादा देर तक न रखें, बल्कि तुरंत ट्रे में डाल दें।

बैटर को तेल लगी ट्रे में डालकर स्टीमर में रखें और ढक दें। इसे मध्यम से तेज आंच पर करीब 15-20 मिनट तक भाप में पकाएं।

करीब 15 मिनट बाद ढोकले में चाकू या टूथपिक डालकर चेक करें। अगर वह साफ बाहर निकलता है, तो समझिए ढोकला अच्छी तरह पक चुका है। ट्रे को बाहर निकालकर कुछ देर ठंडा होने दें।

तड़के से बढ़ाएं स्वाद

अब एक छोटे पैन में तेल गर्म करें। इसमें राई, करी पत्ता और कटी हुई हरी मिर्च डालें। राई चटकने लगे तो करीब आधा कप पानी और एक चम्मच चीनी डाल दें। मिश्रण में एक उबाल आने के बाद गैस बंद कर दें। ठंडे हो चुके ढोकले को मनचाहे आकार में काटें और इसके ऊपर तैयार तड़का डाल दें। आखिर में बारीक कटा हरा धनिया डालकर सजाएं। गरमा-गरम ढोकले को हरी चटनी के साथ सर्व करें। खट्टे-मीठे स्वाद और स्पंजी टेक्सचर वाला यह ढोकला शाम की चाय के साथ स्वादिष्ट स्नैक बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *